Jaipur Congress Protest: जयपुर के शहीद स्मारक पर सोमवार को चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के महा-प्रदर्शन से पहले ही हंगामा हो गया। मुख्य कार्यक्रम शुरू होने से ठीक पहले मंच के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दो गुट किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए।

तीखी नोकझोंक के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। कांग्रेस ने यह प्रदर्शन मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SIR में कथित गड़बड़ी और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर आयोजित किया है।
प्रदर्शन से पहले ही मंच के पास भिड़े कार्यकर्ता
कांग्रेस ने सोमवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर बड़ा प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त, राजस्थान के कार्यालय के घेराव की योजना थी। इसी कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शहीद स्मारक पहुंचे थे। मुख्य कार्यक्रम शुरू होने से पहले मंच के पास कार्यकर्ताओं के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस तीखी हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को संभाला।
वोट चोरी और SIR को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
कांग्रेस का प्रदर्शन मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर कथित हेरफेर किया गया है। कांग्रेस इसे ‘वोट चोरी’ से जोड़ते हुए चुनाव आयोग के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। प्रदर्शन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त, राजस्थान के कार्यालय की ओर बढ़े। यहां कार्यालय का घेराव करने की योजना है।
डोटासरा, गहलोत समेत बड़े नेता पहुंचे
जयपुर के इस महा-प्रदर्शन में राजस्थान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, AICC महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली प्रदर्शन में मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश के अलग-अलग जिलों से जिला अध्यक्ष, विधायक, प्रधान और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी पहुंचे। पार्टी ने इसे बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर आयोजित किया है।
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, ट्रैफिक पर भी असर
प्रदर्शन और निर्वाचन कार्यालय के घेराव को देखते हुए जयपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई है। शहीद स्मारक से लेकर निर्वाचन कार्यालय और प्रमुख मार्गों पर पुलिस तथा आरएसी के जवान तैनात किए गए हैं। प्रदर्शन के चलते एमआई रोड, शहीद स्मारक, कलेक्ट्रेट सर्किल और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना है। आम लोगों को असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
पढ़ें ये खबरें
- महानवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, पंडालों में भीड़, सीएम सम्राट चौधरी ने खुद परोसा कन्याओं को भोजन
- दिल्ली हाईकोर्ट ने नाबालिग रेप पीड़िता को गर्भपात की इजाजत दी, 31 हफ्ते की गर्भवती है पीड़िता, कानून में 24 हफ्ते तक छूट
- भाजपा प्रदेश कार्यालय में कन्या पूजन और भोज: महिला मोर्चा ने किया आयोजन, प्रदेश की खुशहाली के लिए की कामना
- SSR-2027 का शेड्यूल जारी: 12 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, इस तारीख तक दावा-आपत्ति का रहेगा मौका
- ‘उम्र सीमा घटाकर 14 साल कर दी जाए…’ अबू आजमी की ने की बड़ी मांग, टाइगर श्रॉफ पर हमले को लेकर महाराष्ट्र सरकार को घेरा
