Jaipur Fake Currency: दीपावली से पहले जयपुर में नकली नोटों की खेप पकड़ी गई है। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (CST) ने भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में देर रात कार्रवाई कर शाहबाज खान नाम के युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 500-500 रुपये के कुल 3.45 लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में ये नोट पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके से लाकर त्योहारी सीजन में बाजार में खपाने की बात कही है। अब पुलिस इस मामले से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश कर रही है।

एक नोट पर दो सीरियल नंबर, ऐसे हुआ शक

जयपुर के स्पेशल कमिश्नर (ऑपरेशन) ओमप्रकाश के मुताबिक, जब्त किए गए नोट पहली नजर में असली जैसे दिखाई देते हैं। हालांकि, ध्यान से देखने पर इनके कागज और छपाई की गुणवत्ता में अंतर नजर आता है। पुलिस की जांच में एक नोट पर ऊपर और नीचे दो अलग-अलग सीरियल नंबर भी मिले। इस गड़बड़ी से नोटों के नकली होने की पुष्टि हुई। पुलिस अब बरामद नोटों की जांच के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि इन्हें कहां तैयार किया गया था।

पुरानी दिल्ली से लाने की बात, नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में शाहबाज खान ने नकली नोट पुरानी दिल्ली में जामा मस्जिद के आसपास के इलाके से लाने की बात कही है। पूछताछ में एक लाख रुपये की असली करेंसी के बदले तीन लाख रुपये के नकली नोट देने की बात भी सामने आई है। हालांकि, नकली नोटों की खेप कहां से लाई गई और इसके लिए कितने रुपये का लेनदेन हुआ, इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस आरोपी के स्थानीय संपर्कों और इस कारोबार में संभावित रूप से शामिल दूसरे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

त्योहारों के दौरान नकली नोट खपाने की आशंका

स्पेशल कमिश्नर ओमप्रकाश के अनुसार, त्योहारों के दौरान बाजार में नकली नोट चलाने की कोशिश करने वाले लोगों पर पुलिस नजर रख रही है। इसी कार्रवाई में सीएसटी ने नकली नोटों के साथ युवक को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी को भट्टा बस्ती थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी। पुलिस का मुख्य फोकस नकली नोटों के स्रोत का पता लगाने और बाजार तक उनकी सप्लाई में शामिल लोगों की पहचान करने पर है।

पढ़ें ये खबरें