Jaipur Food Safety Raid: राजस्थान में शुद्ध आहार मिलावट पर अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रताप नगर और हल्दीघाटी गेट क्षेत्र में रेस्टोरेंट और फूड स्टॉल्स का सघन निरीक्षण किया। सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान KFC रेस्टोरेंट में नॉनवेज खाद्य पदार्थों के रखरखाव समेत कई कमियां मिलीं। वहीं बर्गर फार्म में सात दिन पहले काटकर रखी गई पत्ता गोभी और प्याज दूषित पाए गए, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया।

KFC में नॉनवेज से आ रही थी दुर्गंध
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल के मुताबिक, KFC रेस्टोरेंट के निरीक्षण के दौरान नॉनवेज खाद्य पदार्थों को उचित तापमान पर नहीं रखा गया था। खुले प्लास्टिक बैग में नॉनवेज सामग्री चिलर में रखी मिली। जांच के दौरान इन खाद्य पदार्थों से दुर्गंध भी पाई गई। जिस ओवन में नॉनवेज खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी, उसमें जला हुआ खाद्य पदार्थ चिपका मिला। टीम के मुताबिक, ओवन की लंबे समय से सफाई नहीं की गई थी। मेयोनीज और सॉस जैसी सामग्री की बोतलों पर लेबलिंग भी नहीं मिली। इसके अलावा रेस्टोरेंट में फूड लाइसेंस डिस्प्ले नहीं किया गया था। इन कमियों को लेकर फर्म को इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा।
इस्तेमाल किए गए तेल का लिया सैंपल
निरीक्षण के दौरान फ्रेंच फ्राइज आदि तैयार करने में इस्तेमाल किए जा रहे रिफाइंड पामोलीन तेल की गुणवत्ता पर टीम ने संदेह जताया। इसके बाद इस्तेमाल किए गए तेल का नमूना जांच के लिए लिया गया। अब इसकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बर्गर फार्म में 7 दिन पुरानी कटी सब्जियां मिलीं
टीम ने बर्गर फार्म का भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य तेल को बिना जांच के लंबे समय तक इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। खाद्य सुरक्षा टीम ने तेल का नमूना जांच के लिए लिया। इसके अलावा डीप फ्रीजर और कोल्ड स्टोरेज का तापमान भी नियमानुसार नियंत्रित नहीं पाया गया।
निरीक्षण के दौरान करीब सात दिन पहले काटकर पैक की गई पत्ता गोभी और प्याज मिली। इनका इस्तेमाल बर्गर समेत अन्य खाद्य पदार्थ तैयार करने में किया जा रहा था। टीम ने इन्हें दूषित पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
20 फूड स्टॉल्स का भी निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा टीम ने हल्दीघाटी चौपाटी स्थित करीब 20 फूड स्टॉल्स का निरीक्षण किया। संचालकों को खाद्य पदार्थ ढककर रखने और अच्छी गुणवत्ता वाली सामग्री इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए।
टीम ने पनीर टिक्का, मोमोज समेत अन्य खाद्य पदार्थों में फूड कलर का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत भी दी। इसके अलावा फूड लाइसेंस डिस्प्ले करने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर की गई। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी के साथ नव नियुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, निधी, बबीता बडगूजर, केपी भारद्वाज, ओमाशंकर और रिमिका माथुर शामिल रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें ये खबरें
- पटना के गांधी मैदान में दहन होगा 90 फीट का रावण, आधे घंटे तक होगी इको-फ्रेंडली आतिशबाजी
- ग्वालियर ट्रक हादसे पर सीएम डॉ मोहन ने जताया दुखः मृतकों के परिजनों को 4- 4 लाख और घायलों को सहायता राशि का ऐलान
- दिल्ली में सफाई का मेगा अभियानः सड़कों की सफाई के लिए 250 वार्ड्स में लगाई जाएंगी 1000 पिकर मशीनें, आज से 70 यमुना घाटों की भी होगी सफाई
- Haryana Morning News : धान खरीद पर बवाल, 5 करोड़ की रंगदारी से मचा हड़कंप, सिटी बस सेवा प्रभावित, कई रूटों के यात्रियों की बढ़ी परेशानी समेत पढ़े सुबह की बड़ी खबरें….
- Bastar News Update : युग्म बेल को दिया जाएगा देवी का न्योता… डोडा के लिए ग्राहक तलाशते 3 गिरफ्तार… बाढ़ और अतिवृष्टि का असर ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति पर

