Jaipur JDA New Housing Scheme RERA Approval: जयपुर में आवासीय भूखंड खरीदने और कारोबार के लिए जमीन तलाश रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) लंबे इंतजार के बाद पांच नई योजनाएं बाजार में उतारने की तैयारी कर रहा है।

राज्य सरकार की तीसरी वर्षगांठ के मौके पर दो नई आवासीय योजनाएं लॉन्च करने की तैयारी है। वहीं, ग्रुप हाउसिंग, फार्म हाउस-रिसॉर्ट और जनरल वेयरहाउस से जुड़ी तीन व्यावसायिक योजनाओं के तहत 114 भूखंड ई-नीलामी से बेचे जाएंगे। RERA में अटके पंजीकरण का मामला सुलझने के बाद इन योजनाओं को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।

भोजपुर और मानपुरा टीलावाला में विकसित होंगी नई आवासीय कॉलोनियां

JDA की प्रस्तावित दो आवासीय योजनाओं में जयपुर के आसपास के इलाकों को चुना गया है। पहली योजना दूदू के भोजपुर क्षेत्र में विकसित करने की तैयारी है। दूसरी आवासीय कॉलोनी जयपुर शहर के नजदीक मानपुरा टीलावाला में लाई जाएगी।

इन दोनों योजनाओं का उद्देश्य आम नागरिकों को आवासीय भूखंड उपलब्ध कराना है। लंबे समय से JDA की नई आवासीय योजनाओं का इंतजार कर रहे लोगों की नजर अब इनके लॉन्च होने की तारीख और भूखंडों की कीमतों पर रहेगी।

RERA की अड़चन दूर, अब नई योजनाओं का रास्ता साफ

JDA की नई योजनाएं लंबे समय से लॉन्चिंग का इंतजार कर रही थीं। इसकी बड़ी वजह प्राधिकरण की 18 पुरानी पंजीकृत योजनाओं का RERA रजिस्ट्रेशन लैप्स होना था। इन योजनाओं में विकास कार्य निर्धारित समय पर पूरे नहीं हो पाए थे। इसके चलते RERA की ओर से नई योजनाओं का पंजीकरण नहीं किया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, JDA ने हाल ही में इस संबंध में आवेदन किया था। इसके बाद RERA ने योजनाओं के लिए एक्सटेंशन जारी कर दिया। इससे नए पंजीकरण में आ रही अड़चन दूर हो गई है और प्रस्तावित योजनाओं को लॉन्च करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का रास्ता खुल गया है।

तीन व्यावसायिक योजनाओं में 114 भूखंडों की ई-नीलामी

JDA दिसंबर में प्रस्तावित प्रवासी राजस्थानी दिवस के अवसर पर तीन विशेष व्यावसायिक योजनाएं भी बाजार में उतारने की तैयारी कर रहा है। इन योजनाओं में ग्रुप हाउसिंग, फार्म हाउस-रिसॉर्ट और जनरल वेयरहाउस शामिल हैं। तीनों योजनाओं के कुल 114 भूखंड ई-नीलामी के जरिए बेचे जाएंगे।

योजनाभूखंडों की संख्याप्रस्तावित स्थान
ग्रुप हाउसिंग47ग्राम नेवटा खटवाड़ा, तहसील सांगानेर
फार्म हाउस और रिसॉर्ट29ग्राम रूपा की नांगल, तहसील जयपुर
जनरल वेयरहाउस38ग्राम चिरोटा, तहसील सांगानेर
कुल114

इन योजनाओं के लिए ई-नीलामी का माध्यम अपनाया जाएगा। इससे आवासीय योजनाओं के साथ व्यावसायिक निवेश के इच्छुक लोगों को भी अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज करेंगे JDA के कामकाज की समीक्षा

JDA की नई योजनाओं और जयपुर में चल रहे विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री निवास पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में प्राधिकरण के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान नई आवासीय योजनाओं की लॉन्चिंग की तारीखों, शहर के आधारभूत ढांचे से जुड़े प्रोजेक्ट्स और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान पर चर्चा होगी। इस बैठक को नई योजनाओं की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि JDA इन योजनाओं की लॉन्चिंग और नीलामी का कार्यक्रम कब जारी करता है।

पढ़ें ये खबरें