Rajasthan Nikay Chunav 2026: जयपुर नगर निगम चुनाव के नतीजे आने से पहले भाजपा ने अपने 150 पार्षद प्रत्याशियों को एक साथ रखने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी ने सभी प्रत्याशियों को पहले जयपुर शहर कार्यालय बुलाया और इसके बाद चार बसों से बगरू स्थित भंवर सिंह होटल पहुंचाया। भाजपा इसे प्रशिक्षण शिविर बता रही है, जबकि होटल में बाउंसरों की मौजूदगी और मुख्य दरवाजों पर लगे तालों के बाद इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है। प्रत्याशियों को 22 सितंबर को होने वाले उप महापौर चुनाव तक पार्टी की निगरानी में रखा जाएगा।

जयपुर शहर जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने प्रत्याशियों को ट्रेनिंग देने की बात कही है। उनका कहना है कि भाजपा में बाड़ेबंदी नहीं, बल्कि प्रशिक्षण होता है। वहीं पार्टी के जयपुर शहर महामंत्री नवरत्न नरानियां ने बताया कि सभी 150 प्रत्याशी कैंप में पहुंच चुके हैं। उन्हें आने वाले समय में काम करने के तौर-तरीकों की ट्रेनिंग दी जाएगी।

चार बसों में होटल पहुंचे BJP के 150 प्रत्याशी

पार्टी कार्यालय पर जुटने के बाद भाजपा के सभी पार्षद प्रत्याशियों को चार अलग-अलग बसों से बगरू स्थित भंवर सिंह होटल ले जाया गया। पार्टी की ओर से कहा गया है कि यहां प्रत्याशियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। मतगणना को लेकर भी पार्टी ने अपनी तैयारी स्पष्ट की है। नवरत्न नरानियां के मुताबिक, प्रत्याशियों की ओर से नियुक्त काउंटिंग एजेंट मतगणना के दौरान मौजूद रहेंगे। हालांकि होटल पहुंचने के बाद तस्वीर कुछ अलग नजर आई। होटल के दोनों मुख्य दरवाजों पर ताले लगे थे और वहां बाउंसर भी तैनात दिखाई दिए। ऐसे में प्रशिक्षण शिविर की इस व्यवस्था को लेकर राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई।

प्रत्याशियों ने खुद बताया, 22 सितंबर तक रुकना होगा

बस में बैठी कुछ भाजपा प्रत्याशियों ने बताया कि पार्टी ने उन्हें 22 सितंबर तक के लिए बुलाया है। प्रत्याशियों को यह भी अंदाजा है कि अगर 14 सितंबर को चुनाव परिणाम में जीत मिलती है तो उन्हें 22 सितंबर तक यहीं रहना होगा। वहीं हार की स्थिति में उन्हें घर लौटना पड़ेगा। यानी नतीजे आने से पहले ही भाजपा ने अपने प्रत्याशियों को एक जगह रखने की पूरी व्यवस्था कर ली है।

दो महीने की बच्ची को गोद में लेकर पहुंचीं निधि सेन

इस बीच प्रशिक्षण कैंप में एक भावुक तस्वीर भी सामने आई। भाजपा की पार्षद प्रत्याशी निधि सेन अपनी दो महीने की बच्ची को गोद में लेकर पार्टी कार्यालय पहुंचीं। उनके साथ उनकी सास मंजू देवी भी थीं। निधि सेन ने बताया कि पार्टी का आदेश है, इसलिए वह प्रशिक्षण कैंप में रहेंगी। बच्ची की देखभाल दोनों सास-बहू मिलकर करेंगी।

जाकिर हुसैन बोले, बाड़ेबंदी नहीं प्रशिक्षण शिविर

वार्ड नंबर 109 से भाजपा के प्रत्याशी जाकिर हुसैन खान ने भी इसे बाड़ेबंदी मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि वह बाड़ेबंदी में नहीं, बल्कि भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में जा रहे हैं और पूरी तरह पार्टी के साथ हैं। किशनपोल से कांग्रेस विधायक अमीन कागजी को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम सब साफ कर देंगे कि किसकी जमानत बचती है और किसकी जब्त होती है। जयपुर नगर निगम चुनाव के नतीजे 14 सितंबर को सामने आएंगे। इसके बाद 22 सितंबर को उप महापौर का चुनाव होना है। ऐसे में नतीजों से पहले भाजपा की यह पूरी कवायद अब जयपुर के सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

पढ़ें ये खबरें