Jaipur School Controversy: जयपुर के रामपुरा कंवरपुरा गांव के सरकारी स्कूल को लेकर विवाद शुक्रवार को और बढ़ गया। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनकी टीम स्कूल का दौरा करने पहुंची थी, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें रोक दिया।

इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और CJP कार्यकर्ताओं पर पथराव किए जाने की जानकारी सामने आई। आशुतोष रांका ने हमले के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार बताया। अब कांग्रेस ने भी उनके आरोपों का समर्थन करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा है।
हमले को लेकर CJP और कांग्रेस के आरोप
आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि स्कूल का दौरा करने पहुंची उनकी टीम पर हमला करने वाले लोग बीजेपी के कार्यकर्ता थे। उन्होंने इसे गुंडागर्दी बताया। कांग्रेस नेताओं ने भी बीजेपी पर इसी तरह के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस की ओर से वायरल वीडियो में नजर आ रहे एक व्यक्ति की पहचान लालचंद के रूप में बताते हुए दावा किया गया कि वह बीजेपी का कार्यकर्ता है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर लालचंद की फेसबुक तस्वीरें भी शेयर की गईं। हालांकि, इन आरोपों को लेकर बीजेपी विधायक ने अपनी अलग बात रखी है।
BJP विधायक कैलाश वर्मा ने क्या कहा?
इस बारे में बगरू विधायक कैलाश वर्मा ने कहा कि स्कूल के लिए पहले ही फंड स्वीकृत किया जा चुका है। उनके मुताबिक, डीएमएफटी फंड से 12 लाख रुपये और विधायक कोटे से 6 लाख रुपये स्वीकृत कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि गांव से बड़ा कोई नहीं होता और जब ग्रामीणों ने टीम को वहां आने से मना किया था, तब भी बड़ी संख्या में लोग मोबाइल फोन लेकर सुबह-सुबह वहां पहुंच गए। कैलाश वर्मा ने कहा कि अगर बातचीत करनी थी तो गांव में राम मंदिर में जाकर ग्रामीणों से बात की जा सकती थी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण बातचीत के लिए तैयार रहते हैं और जलपान भी करवाते।
लालचंद को लेकर विधायक ने क्या कहा?
वायरल वीडियो में दिख रहे लालचंद को लेकर किए जा रहे दावों पर भी विधायक कैलाश वर्मा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लालचंद बीजेपी के कार्यकर्ता हैं, लेकिन वहां उनके जैसे करीब 50 लालचंद हैं। विधायक ने लालचंद को अच्छा व्यक्ति बताते हुए कहा कि विवाद की वजह लोगों का रवैया था। उनके मुताबिक, ग्रामीणों ने इसी कारण टीम का विरोध किया। कैलाश वर्मा ने कहा कि अगर स्कूल को लेकर इतनी चिंता है तो वह बातचीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर 48 घंटे का अल्टीमेटम दिए जाने पर भी सवाल उठाया।
शिक्षा मंत्री को आशुतोष रांका का 48 घंटे का अल्टीमेटम
CJP कार्यकर्ताओं पर कथित हमले के बाद आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर की पोस्ट के जवाब में सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने लिखा, आपका टाइम खत्म हो चुका है, जितनी गुंडागर्दी करनी है कर लीजिए। आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि हमला करने वाले लोग बीजेपी के कार्यकर्ता थे। उन्होंने सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर इस अवधि में स्कूल में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ और हिंसा करने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।
अभिजीत दीपके बोले, जयपुर जाएंगे
वहीं, अभिजीत दीपके ने भी मामले को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अगर अगले 48 घंटे में स्कूल की मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ और बीजेपी के गुंडों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह जयपुर जाएंगे। इस बयान के बाद रामपुरा कंवरपुरा स्कूल का मामला अब गांव की व्यवस्था से आगे राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है। एक तरफ CJP और कांग्रेस बीजेपी पर हमले के आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी ओर बीजेपी विधायक का कहना है कि स्कूल के लिए फंड पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है और विवाद का समाधान बातचीत से होना चाहिए।
पढ़ें ये खबरें
- प्रदूषण फैलाने वालों पर दिल्ली सरकार सख्त, 100 से ज्यादा औद्योगिक इकाइयों पर गिरी गाज
- बिहार में हवाई संपर्क का विस्तार: 2030 तक चालू होंगे 13 नए और आधुनिक एयरपोर्ट, जानिए किन शहरों से भरेंगे उड़ान
- CM डॉ. मोहन का दिखा देसी अंदाज… बीच रास्ते रुकवाया काफिला, दुकान पर उठाया लस्सी का लुफ्त
- दीपेंद्र गोयल का Temple वियरेबल हुआ आधे से भी छोटा, पीवी सिंधु के पहनने के बाद चर्चा में आया, जानें क्या है खासियत
- छत्तीसगढ़ से झारखंड हो रही थी गौवंशीय पशुओं की तस्करी, गुमला में 14 पशु बरामद, एक की मौत
