SI Recruitment Fake Admit Card: राजस्थान SI भर्ती-2025 के फिजिकल एग्जाम में शुक्रवार को फर्जीवाड़े का मामला सामने आया। चित्रकूट स्टेडियम में फिजिकल टेस्ट देने पहुंची 27 वर्षीय महिला अभ्यर्थी को चित्रकूट थाना पुलिस ने फर्जी एडमिट कार्ड के साथ हिरासत में लिया। उत्तर प्रदेश निवासी मोहिता लिखित परीक्षा में असफल हो गई थी, लेकिन परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी। उसने चयनित अभ्यर्थियों की सूची से रोल नंबर लेकर उसमें बदलाव किया और फर्जी एडमिट कार्ड तैयार कर फिजिकल टेस्ट देने पहुंच गई।

दस्तावेज सत्यापन में खुला फर्जीवाड़ा
DCP वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, शुक्रवार सुबह चित्रकूट स्टेडियम में चयनित अभ्यर्थियों का फिजिकल एग्जाम चल रहा था। इसी दौरान दस्तावेज सत्यापन में मोहिता के एडमिट कार्ड को लेकर संदेह हुआ। जांच में एडमिट कार्ड पर दर्ज रोल नंबर किसी महिला अभ्यर्थी का नहीं, बल्कि एक पुरुष अभ्यर्थी का निकला। रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि उस रोल नंबर वाले अभ्यर्थी का फिजिकल टेस्ट 5 अगस्त को उदयपुर में पहले ही हो चुका था।
साइबर कैफे से सूची लेकर बनाया फर्जी एडमिट कार्ड
पुलिस पूछताछ में मोहिता ने बताया कि उसने साइबर कैफे से चयनित अभ्यर्थियों की सूची हासिल की थी। इसके बाद उसने उसमें से एक रोल नंबर लिया और उसमें फेरबदल कर अपना फर्जी एडमिट कार्ड तैयार किया। मोहिता खुद SI भर्ती की लिखित परीक्षा में असफल रही थी। इसके बावजूद उसने फर्जी दस्तावेज के सहारे फिजिकल टेस्ट में शामिल होने की कोशिश की।
परिवार से छिपाई लिखित परीक्षा में असफल होने की बात
जांच में यह भी सामने आया कि मोहिता जयपुर के चित्रकूट नगर में रहकर SI भर्ती की तैयारी कर रही थी। लिखित परीक्षा में असफल होने के बाद भी उसने परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी। वह खुद को परीक्षा में सफल बताती रही। रिश्तेदारों को उस पर शक न हो, इसके लिए वह नियमित रूप से चित्रकूट स्टेडियम में दौड़ लगाने जाती थी। परिवार को अपनी सफलता का भरोसा दिलाने के लिए ही उसने फर्जी एडमिट कार्ड के जरिए फिजिकल टेस्ट देने की कोशिश की।
चाचा छोड़ने आए थे परीक्षा केंद्र
मोहिता को फिजिकल एग्जाम के लिए उसके चाचा चित्रकूट स्टेडियम छोड़ने आए थे। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसके खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला दर्ज किया गया है।
पढ़ें ये खबरें
- राशन कार्डधारियों को सितंबर-अक्टूबर का एक साथ मिलेगा चावल, जानें कब तक कर सकेंगे उठाव
- हाईकोर्ट ने जिला शिक्षा अधिकारी की नियुक्ति पर लगी रोक हटाई, याचिकाकर्ताओं ने वापस लिया केस, जानिए क्या है मामला
- सागर की जहरीली शराब त्रासदी के बाद महिलाओं का गुस्सा फूटा! शिवपुरी में शराब दुकान पर बोला धावा, बोतलें बाहर फेंककर लगाई आग
- अपराधियों को सजा में देरी नहीं! मुख्य सचिव ने अफसरों को दिया समयबद्ध कार्रवाई का अल्टीमेटम
- भ्रष्टाचार के हदें पार: ताश के पत्तों की तरह ढहा पुल, टला बड़ा हादसा


