Jaipur BTS Fans: जयपुर में 5वीं कक्षा में पढ़ने वाली दो 9 साल की सहेलियां BTS के वीडियो देखकर साउथ कोरियन सिंगर और प्रोड्यूसर बैंग सी ह्यूक, जिन्हें हिटमैन बैंग के नाम से भी जाना जाता है, से मिलने के लिए स्कूल से निकल गईं। दोनों बच्चियां घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने तलाश शुरू की और दोनों को 23 सितंबर की शाम गांधीनगर रेलवे स्टेशन से सकुशल दस्तयाब कर लिया। इसके बाद दोनों को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया। समिति के निर्देश पर पुलिस ने बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सोशल मीडिया से मिला बच्चियों का सुराग
डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि 23 सितंबर को करीब 3 बजे सूचना मिली थी कि 5वीं कक्षा की दो छात्राएं स्कूल से घर नहीं पहुंची हैं। इसके बाद थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर दोनों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने बच्चियों के परिजनों से उनकी फोटो और पहचान संबंधी दस्तावेज लिए। जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि दोनों बच्चियां सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की गई। इसमें सामने आया कि वे यूट्यूब पर BTS के वीडियो देखती थीं।
सभी थानों और रेलवे-बस स्टैंड पर भेजी फोटो
पुलिस ने दोनों बच्चियों की फोटो सभी पुलिस थानों, जीआरपी थानों, बस स्टैंड और एयरपोर्ट पर भेजी। इसी दौरान दोनों के गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर होने की जानकारी मिली। आरपीएफ ने दोनों बच्चियों को सुरक्षित अपने पास रखा हुआ था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम 23 सितंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे गांधीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची और दोनों बच्चियों को दस्तयाब कर लिया।
BTS वीडियो देखकर बनाया बैंग सी ह्यूक से मिलने का प्लान
पुलिस और बाल कल्याण समिति के सामने काउंसलिंग के दौरान बच्चियों ने बताया कि वे दोनों सहेलियां हैं और यूट्यूब पर BTS पॉप बैंड के वीडियो देखती थीं। वे परिवार के सदस्यों और अपनी मां के मोबाइल से भी BTS के वीडियो देखती थीं। बच्चियों ने बताया कि इन्हीं वीडियो को देखने के बाद उन्होंने साउथ कोरियन सिंगर और प्रोड्यूसर बैंग सी ह्यूक से मिलने के लिए घर से निकलने का फैसला किया था।
परिजनों ने ली राहत की सांस
दोनों बच्चियों के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने दोनों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। समिति के निर्देश के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि कम उम्र में बच्चे इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन उन्हें आभासी दुनिया के जोखिमों की पूरी समझ नहीं होती। ऐसे में बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर अभिभावकों और शिक्षकों की निगरानी और मार्गदर्शन जरूरी है।
BTS को लेकर बच्चों और युवाओं में दीवानगी
साउथ कोरिया के K-Pop म्यूजिक बैंड BTS के गानों के फैंस दुनियाभर में हैं। BTS का पूरा नाम बुलेट प्रूफ बॉय स्काउट्स है। दुनियाभर में BTS के फैंस को ARMY कहा जाता है। फिलीपींस, इंडोनेशिया, ब्राजील, वियतनाम, थाईलैंड, मलेशिया और अमेरिका जैसे देशों में, जहां कोरियन भाषा नहीं बोली जाती, वहां भी BTS के कोरियन गाने सुने जाते हैं।
भारत में भी BTS ARMY काफी एक्टिव है। साउथ कोरिया में ब्लैकपिंक जैसे दूसरे K-Pop म्यूजिक बैंड भी लोकप्रिय हैं। BTS के सिंगर्स अपने फैंस से पर्सनली मिलते हैं, उनकी परवाह करते हैं और उनसे काफी कनेक्टेड रहते हैं।
पढ़ें ये खबरें
- देशव्यापी बैंक हड़ताल का असर: उज्जैन में तीन दिन कामकाज रहेंगे बंद, टॉवर चौराहे से निकलेगी विरोध रैली
- मथुरा में सनसनी: प्रेमानंद महाराज के परिकर की आश्रम में मिली लाश, प्राइवेट पार्ट कटा देख उड़े होश
- SIR विवाद पर गहलोत बोले- एक मिनट भी पद पर रहने का अधिकार नहीं
- BTS के वीडियो देखकर घर से निकलीं जयपुर की 2 बच्चियां, बैंग सी ह्यूक से मिलने की थी चाहत
- Haryana Top News : हरियाणा के कॉलेजों में दाखिले की डेडलाइन बढ़ी, हिसार में CET पास युवाओं का धरना, 24 मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन, हरियाणा में भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए ‘सतर्क हरियाणा’ ऐप लॉन्च समेत पढ़े दिनभर की बड़ी खबरें…

