Jaipur Voter List: राजस्थान नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में जयपुर नगर निगम सहित 147 नगरीय निकायों में शुक्रवार को मतदान हो रहा है। इस बीच जयपुर की मतदाता सूची में दर्ज कुछ अनोखे नाम भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। वोटर लिस्ट में राष्ट्रपति, ओबामा और अमरीश पुरी जैसे नाम दर्ज हैं। खास बात यह है कि ये किसी बड़े पद पर बैठे व्यक्ति या किसी अंतरराष्ट्रीय हस्ती के नाम नहीं, बल्कि जयपुर के आम मतदाताओं के नाम हैं।

इन नामों की खासियत यह है कि ये किसी न किसी तरह लोगों की पहचान का हिस्सा बन गए। किसी को दोस्तों ने मजाक में ऐसा नाम दिया तो किसी का पुकारने वाला नाम ही समय के साथ इतनी मजबूती से जुड़ गया कि वह मतदाता सूची तक पहुंच गया।

चाट-पकौड़ी की दुकान लगाते हैं राष्ट्रपति साहू

जयपुर के शास्त्री नगर स्थित तेलीपाड़ा कॉलोनी में रहने वाले ‘राष्ट्रपति’ साहू का नाम भी मतदाता सूची में इसी नाम से दर्ज है। वह रोजाना चाट-पकौड़ी की दुकान लगाते हैं।

बताया जाता है कि बचपन में दोस्तों ने मजाक-मजाक में उन्हें ‘राष्ट्रपति’ कहना शुरू किया था। शुरुआत में यह सिर्फ दोस्तों के बीच पुकारने का नाम था। धीरे-धीरे यह नाम इतना प्रचलित हो गया कि उनकी पहचान ही बन गया। अब मतदाता सूची में भी उनका नाम ‘राष्ट्रपति’ साहू दर्ज है।

वार्ड 146 में ओबामा नाम का वोटर

जयपुर के वार्ड 146 की भट्टा बस्ती में रहने वाले एक मतदाता का नाम ‘ओबामा’ दर्ज है। यह नाम भी बचपन से ही उनके साथ जुड़ा हुआ है। दोस्तों के बीच पुकारे जाने वाला यह नाम समय के साथ उनकी पहचान बन गया। अब यही नाम मतदाता सूची में दर्ज है। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के नाम से मेल खाने के कारण मतदान के दौरान यह नाम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

वोटर लिस्ट में अमरीश पुरी भी

जयपुर की मतदाता सूची में एक ऐसा नाम भी दर्ज है, जो हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता अमरीश पुरी की याद दिलाता है। इसके अलावा सोडाला क्षेत्र की मतदाता सूची में फ्रांस और अम्मा जैसे नाम भी दिखाई देते हैं। इन नामों की वजह अलग-अलग हो सकती है, लेकिन चुनाव के दौरान मतदाता सूची में नजर आने वाले ये नाम लोगों की उत्सुकता जरूर बढ़ा रहे हैं।

चुनाव के बीच अनोखे नामों ने खींचा ध्यान

जयपुर में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने उम्मीदवारों के पक्ष में वोट डालने पहुंच रहे हैं। इसी बीच वोटर लिस्ट में दर्ज इन अनोखे नामों ने चुनावी माहौल में एक दिलचस्प पहलू जोड़ दिया है। राष्ट्रपति, ओबामा और अमरीश पुरी जैसे नाम सुनने में भले ही किसी बड़े पद या मशहूर शख्सियत से जुड़े लगें, लेकिन जयपुर की मतदाता सूची में ये आम लोगों की पहचान हैं। यही वजह है कि चुनाव के दिन इन नामों की चर्चा भी लोगों के बीच हो रही है।

पढ़ें ये खबरें