Jaipur Ward 28 Election Result 2026: जयपुर नगर निगम चुनाव की मतगणना के बीच वार्ड 28 से कांग्रेस प्रत्याशी रविंद्र सिंह शेखावत ने जीत दर्ज की है। जीत के बाद शेखावत ने इसे वार्ड की जनता और युवाओं के भरोसे की जीत बताया। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में उनका मुकाबला सिर्फ प्रत्याशी से नहीं, बल्कि सीधे कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ से था।

बोले- दावों और जमीनी हकीकत में अंतर
जीत के बाद रविंद्र सिंह शेखावत ने वार्ड में विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के प्रभाव वाले क्षेत्र में होने के बावजूद वार्ड 28 में विकास कार्यों की स्थिति संतोषजनक नहीं है। शेखावत ने कहा कि मंत्री के घर के सामने की सड़कें बेहतर हैं, लेकिन वार्ड के कई दूसरे इलाकों में सड़कें गहरे गड्ढों में बदल चुकी हैं। इससे लोगों को रोजाना परेशानी होती है। उनके मुताबिक विकास के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है।
युवाओं के समर्थन को बताया जीत की वजह
शेखावत ने कहा कि वार्ड की जनता ने उन पर भरोसा जताया और युवाओं ने चुनाव में मजबूती से उनका साथ दिया। उन्होंने कहा, मेरे साथ बड़ी संख्या में युवा खड़े थे, इसलिए यह जीत उन्हीं युवाओं को समर्पित है। उन्होंने मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि अब उनकी प्राथमिकता वार्ड की समस्याओं का समाधान करना और रुके हुए विकास कार्यों को गति देना होगी। शेखावत के मुताबिक चुनाव के दौरान सड़क, सफाई, जल निकासी और दूसरी मूलभूत नागरिक सुविधाएं प्रमुख मुद्दे रहे।
वार्ड 113 में 10,014 वोट से जीत
जयपुर के भवानी निकेतन में नगर निगम चुनाव की मतगणना जारी है। अब तक सामने आए नतीजों में वार्ड 113 से कांग्रेस प्रत्याशी गजनफ्फर अली ने सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। उन्होंने 10,014 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। जीत के बाद गजनफ्फर अली ने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को धरातल पर उतारना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
मूलभूत सुविधाओं पर जोर
जीतने वाले प्रत्याशियों ने मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाया जाएगा। विकास कार्यों में भेदभाव नहीं करने और वार्ड के सभी क्षेत्रों में समान सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात भी कही गई। वहीं, विजेता प्रत्याशी दीपा नाथावत के परिजन जयराज सिंह राठौड़ ने कहा कि वार्ड में सड़क, सफाई, पेयजल, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट और नालियों जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा।
पढ़ें ये खबरें
- कैट की स्थायी बेंच नहीं होने पर हाईकोर्ट सख्त, केंद्र सरकार को तीन सप्ताह में शपथपत्र पेश करने का निर्देश
- मुआवजे के खिलाफ अपील में 389 दिन की देरी, हाईकोर्ट ने पंजाब रोडवेज पर लगाया 38 हजार रुपये का जुर्माना
- 51,100 वेतन मांगने पर फुटबॉल कोच की स्कूल में एंट्री बंद! भवंस प्रॉमिनेंट स्कूल पर आरोप, कई जगह शिकायत के बाद भी कार्रवाई का इंतजार
- DEO के खिलाफ लामबंद कर्मचारी संघ, दुर्व्यवहार और मनमानी के आरोपों पर आंदोलन की चेतावनी
- इंदौर में साइबर ठगी के म्यूल अकाउंट का बड़ा खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार: करोड़ों के फ्रॉड की आशंका, गुजरात से महाराष्ट्र और तेलंगाना तक जुड़े तार

