Jaisalmer School Bus Fire: जैसलमेर में मंगलवार सुबह 16 स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक चलती बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। हादसा जिले के धऊवा गांव के पास हुआ। इंजन से धुआं उठते ही ड्राइवर ने बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बच्चों के उतरने के कुछ ही मिनट बाद बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। शुरुआती जांच में वायरिंग में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है।

इंजन से उठा धुआं, कुछ ही देर में लगी आग
एसएम पब्लिक स्कूल की बस पिथला गांव से बच्चों को लेकर डाबला रोड की ओर जा रही थी। धऊवा गांव के पास सड़क पर बने गड्ढे में बस का अगला पहिया आने से अचानक झटका लगा। इसके बाद इंजन वाले हिस्से से धुआं निकलने लगा।
कुछ ही देर में धुएं ने आग का रूप ले लिया। स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस रोक दी। इसके बाद सभी 16 बच्चों को बस से बाहर निकाल लिया गया। बच्चों के सुरक्षित बाहर निकलने के कुछ ही मिनट बाद बस धू-धू कर जलने लगी।
दमकल की 2 से 3 गाड़ियों ने बुझाई आग
नगर परिषद के अग्निशमन अधिकारी कृष्णपाल सिंह के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे बस में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही 2 से 3 दमकल वाहन मौके पर पहुंचे।
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। बस में रखे बच्चों के स्कूल बैग, कॉपी-किताबें और अन्य सामान भी आग में जल गए।
फिटनेस सर्टिफिकेट एक्सपायर होने के बाद भी चल रही थी बस
हादसे के बाद स्कूल बस की फिटनेस को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बस का फिटनेस प्रमाणपत्र 29 जुलाई 2026 को ही एक्सपायर हो चुका था। यानी फिटनेस की वैधता खत्म होने के करीब 13 दिन बाद भी बस बच्चों को लेकर सड़क पर चल रही थी। परिवहन विभाग अब बस के दस्तावेजों और आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।
जैसलमेर में नवंबर से बंद है फिटनेस का काम
जिला परिवहन कार्यालय के अधिकारी टीकूराम ने बताया कि जैसलमेर में पिछले नवंबर से वाहनों के फिटनेस का काम बंद है। यह प्रक्रिया अब जोधपुर में की जा रही है। अधिकारी के मुताबिक बस के अन्य दस्तावेज पूरे बताए गए हैं। हालांकि फिटनेस प्रमाणपत्र की वैधता खत्म होने के बावजूद बस के संचालन को लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है। परिवहन विभाग हादसे से जुड़े दस्तावेजों और बस की स्थिति की भी जांच कर रहा है।
पढ़ें ये खबरें
- भोपाल में CM डॉ. मोहन ने देखी फिल्म ‘हनुमान अंश’: बोले- ‘ऐसी धार्मिक फिल्में देती हैं जनसेवा की प्रेरणा’
- अल्टीमेटम के बाद नपे दारोगा जी, हवालात पहुंचे 3 आरोपी! सिर्फ एक ‘सोशल मीडिया पोस्ट’ और बहा दिया खून, पुलिस का बड़ा खुलासा
- Rajasthan Nikay Chunav 2026: दूसरे चरण में ‘मिशन 86%’, कल 87 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान
- सर्पदंश मुआवजा घोटाला : आरोपी डॉक्टर प्रियंका सोनी को हाईकोर्ट से मिली स्थायी जमानत
- स्पा सेंटर में पुलिस की दबिश, आपत्तिजनक सामग्री बरामद, संचालक और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज


