जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का आरोप है. पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
जालौन. जिले में उरई कोतवाली क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता की मां ने सलाबाद गांव निवासी प्रमोद वर्मा पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने और इसके बाद खेत में ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला
कोंच के सीओ परमेश्वर प्रसाद के मुताबिक, उरई निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ हुई घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 5 अक्टूबर को सलाबाद गांव निवासी प्रमोद वर्मा, पिता विनोद वर्मा, ने लड़की को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया.
आरोप है कि इसके बाद वह नाबालिग को भदेवरा गांव के पास एक खेत में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद आरोपी लड़की को वहीं छोड़कर फरार हो गया.
अस्पताल में भर्ती पीड़िता
घटना के बाद नाबालिग को अचेत अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसकी जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे. पीड़िता की मां ने शुक्रवार को पुलिस को लिखित शिकायत दी, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया.
आरोपी की तलाश में पुलिस
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है.

