Ratan Dewasi Sankra PHC: राजस्थान के जालोर जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने सरकारी दावों की पोल खोलकर रख दी है। मंगलवार दोपहर रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी एक घायल युवक की जान बचाने के लिए अपनी गाड़ी से सांकड़ा पीएचसी (PHC) पहुंचे, लेकिन वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। अस्पताल के गेट पर बड़ा सा ताला लटका हुआ था और अंदर कोई स्टाफ मौजूद नहीं था। विधायक खुद घायल को लेकर आधे घंटे तक सिस्टम के सुधरने का इंतजार करते रहे।

जानकारी के मुताबिक, विधायक रतन देवासी मंगलवार दोपहर को पांचला से सांकड़ की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे उन्होंने देखा कि सांकड़ गांव से 2 किलोमीटर पहले एक युवक सड़क पर लहूलुहान पड़ा है। युवक ने बताया कि एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और भाग निकला। विधायक ने मानवता दिखाते हुए तुरंत घायल को अपनी गाड़ी में बैठाया और नजदीकी सांकड़ पीएचसी के लिए रवाना हुए।
अस्पताल में ताला देख भड़के रतन देवासी
विधायक जब घायल को लेकर अस्पताल पहुंचे, तो वहां सन्नाटा पसरा था और मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ा था। स्टेट हाईवे पर स्थित इस अस्पताल की ये हालत देखकर विधायक का पारा चढ़ गया। उन्होंने तुरंत सरनाऊ बीसीएमओ (BCMO) मानवेंद्र सिंह बिश्नोई को फोन लगाया और फटकार लगाई। सूचना मिलते ही सांकड़ पुलिस चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और घायल की स्थिति का जायजा लिया।
BCMO की अजीब दलील- इमरजेंसी में बाहर गया था स्टाफ
इस पूरे मामले पर जब बवाल बढ़ा तो बीसीएमओ मानवेंद्र सिंह ने सफाई दी। उन्होंने बताया कि इस पीएचसी में डॉक्टर का पद फिलहाल खाली है और पूरा जिम्मा एक नर्सिंगकर्मी के भरोसे है। बीसीएमओ का दावा है कि जिस वक्त विधायक वहां पहुंचे, नर्सिंगकर्मी किसी दूसरी इमरजेंसी के लिए बाहर गया था। हालांकि, विधायक के फोन के करीब 15-20 मिनट बाद चिकित्साकर्मी पहुंचा और घायल युवक को प्राथमिक उपचार दिया गया।
ऐसे कैसे बचेगा राजस्थान? विधायक ने उठाए सवाल
विधायक रतन देवासी ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था वेंटिलेटर पर है। उन्होंने कहा, अगर स्टेट हाईवे के अस्पतालों में ही ताले लटके मिलेंगे, तो आम जनता और घायलों को समय पर इलाज कैसे मिलेगा? यह बेहद गंभीर लापरवाही है। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
पढ़ें ये खबरें
- चेहरे पर दिखने लगे हैं व्हाइटहेड्स? यहाँ जानें कैसे पाएं छुटकारा और पायें राहत
- छत्तीसगढ़ से जबलपुर पहुंचा 40 हाथियों का झुंडः वन विभाग अलर्ट, 24 घंटे रखी जा रही है पैनी नजर
- संगरूर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने मनरेगा मजदूरों को कुचला, 8 की मौत और 12 घायल
- हैरान करने वाला मामला: अस्पताल से लापता युवक 10 दिन बाद लौटा घर, बंधक बनाकर मारपीट करने का लगाया आरोप
- 20 हजार से कम में Samsung Galaxy F70 5G लॉन्च! 50MP OIS कैमरा और Super AMOLED डिस्प्ले से लैस, जानें कीमत और फीचर्स
