नई दिल्ली: जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्र संघ बहाली की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है। पिछले 14 दिनों से छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं, जबकि कैंपस में 100 से 150 छात्र धरना दे रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं।

छात्रों की तीन प्रमुख मांगें

छात्रों की मांग है कि स्टूडेंट यूनियन चुनाव की तारीख घोषित की जाए, मुख्य प्रॉक्टर को हटाया जाए और प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई वापस ली जाए। छात्र फैजान ने सुरक्षा सलाहकार पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की।

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बनाई कमेटी

जामिया प्रशासन ने छात्र संघ का संविधान तैयार करने के लिए एक कमेटी गठित की है। हालांकि, छात्र चुनाव की समयसीमा घोषित करने पर अड़े हैं। 24 अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान छात्रों और सुरक्षा कर्मियों के बीच टकराव हुआ था। इसके बाद प्रशासन ने कक्षाएं ऑनलाइन करने और लाइब्रेरी बंद रखने का फैसला लिया।

हॉस्टल और मेडिकल सुविधाओं को लेकर शिकायतें

प्रदर्शनकारी छात्रों ने हॉस्टल में प्रवेश नहीं देने और मेडिकल सुविधाओं तक पहुंच रोकने के आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि आईडी कार्ड होने के बावजूद उन्हें हॉस्टल में जाने और स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।

छात्रों का तर्क है कि छात्र संघ बहाल होने से उनकी समस्याओं को उचित मंच मिल सकेगा। फिलहाल, छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखे हुए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m