जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र के मस्जिद रोड स्थित केनरा बैंक में हुई बड़ी डकैती के मामले में पुलिस को अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। 24 सितंबर 2026 को दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद पुलिस पांचों लुटेरों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अब पुलिस मुख्यालय ने पांचों आरोपियों के बारे में जानकारी देने वालों के लिए 2-2 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है।
दिनदहाड़े बैंक में घुसे थे पांच लुटेरे
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को पांच लुटेरों ने गोलमुरी मस्जिद रोड स्थित केनरा बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद सभी आरोपी कंधे पर बैग टांगकर अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए। खास बात यह रही कि किसी भी आरोपी ने मास्क नहीं पहना था और न ही चेहरा ढका था।
घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को अलग-अलग गलियों में लगे कैमरों से लुटेरों के बैंक से निकलकर भागने की तस्वीरें मिली हैं। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और संभावित ठिकानों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पांचों लुटेरों पर 2-2 लाख का इनाम
लुटेरों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने अब आम लोगों से भी मदद मांगी है। पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि मामले की जांच जारी है और कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि लुटेरों के बारे में सही और महत्वपूर्ण जानकारी देने वाले व्यक्ति को 2 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। जानकारी देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पांचों आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।


