जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में चोरों ने दिनदहाड़े टाटा स्टील कर्मी के बंद क्वार्टर को निशाना बनाकर सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर पीछे की चहारदीवारी फांदकर घर में दाखिल हुए और अलमारी का लॉक तोड़कर करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

सुबह से दोपहर तक बंद था क्वार्टर

घटना सिदगोड़ा क्रॉस रोड-20 स्थित क्वार्टर नंबर एल4-11 की है। यहां टाटा स्टील कर्मी सुब्रतो दास अपनी पत्नी अंबिका दास के साथ रहते हैं। अंबिका दास पास के रामकृष्ण मिशन जूनियर स्कूल में शिक्षिका हैं।

मंगलवार सुबह करीब 7 बजे अंबिका दास स्कूल के लिए निकल गईं। इसके करीब 40 मिनट बाद सुब्रतो दास भी लगभग 7:40 बजे ड्यूटी के लिए घर से चले गए। दोपहर करीब 12:30 बजे वे लंच के लिए क्वार्टर लौटे तो मुख्य गेट खोलकर अंदर जाने के बाद घर का सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए।

दोनों कमरों की अलमारियां खुली थीं। जांच करने पर करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 20 हजार रुपये नकद गायब मिले।

पीछे की चहारदीवारी फांदकर घर में घुसे चोर

सुब्रतो दास के मुताबिक, उनके बच्चे बाहर रहकर पढ़ाई करते हैं, जबकि घर में उनकी बुजुर्ग मां रहती थीं। हालांकि, करीब एक सप्ताह पहले उनकी मां परसुडीह स्थित पैतृक घर चली गई थीं। ऐसे में क्वार्टर खाली था।

इसी का फायदा उठाकर चोर पीछे की ओर से चहारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद पीछे के गेट का ताला तोड़ा और कमरे में घुसकर अलमारी का लॉक तोड़ दिया। चोर जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचा। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है। उसकी तस्वीर के आधार पर पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।

चोरी से कॉलोनी में दहशत

दिनदहाड़े इतनी बड़ी चोरी की घटना से सिदगोड़ा इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात की जानकारी मिलने पर रामकृष्ण मिशन स्कूल के कई शिक्षक और शिक्षिकाएं भी अंबिका दास के क्वार्टर पहुंचे। घर के अंदर का मंजर देखकर वे भी हैरान रह गए।

स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने, चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामले का जल्द खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।