जमशेदपुर। सोनारी के बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में शनिवार को हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने कथित साजिश में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और दीपु ओझा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चारों को छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित एक टोल प्लाजा के पास पकड़ा गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि रेस्टोरेंट में जाकर गोली चलाने वालों में ये चारों शामिल नहीं थे।
दो गाड़ियों से भाग रहे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद चारों आरोपी दो गाड़ियों से फरार हुए थे। रास्ते में एक गाड़ी खराब हो गई, जिसके बाद चारों दूसरी गाड़ी में सवार होकर आगे बढ़े। इसी दौरान पुलिस ने रायपुर के पास टोल प्लाजा पर उन्हें रोककर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस चारों से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस फायरिंग करने वाले शूटरों, साजिश की पूरी कड़ी और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका पर है।
बंगाल से रायपुर तक SIT की छापेमारी
घटना के बाद एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। टीम ने आरोपियों की तलाश में बंगाल और आसपास के इलाकों में छापेमारी की। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।
CCTV फुटेज में बाइक से पहुंचे हमलावरों की गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने वारदात से जुड़े लोगों और उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान आरोपियों के छत्तीसगढ़ की ओर जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने वहां भी निगरानी बढ़ाई। इसके बाद रायपुर टोल प्लाजा के पास चारों कथित साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
जमीन और रेलवे ठेकेदारी विवाद भी जांच के दायरे में
पुलिस फायरिंग के पीछे जमीन कारोबार और रेलवे ठेकेदारी से जुड़े विवाद को भी जांच का प्रमुख बिंदु मानकर चल रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और वर्चस्व से जुड़े पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घायल डोमनिक सैमसन का रेलवे ठेकेदारी में वर्चस्व को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। वहीं घायल रिजवान के जमीन कारोबार से जुड़े होने के पहलू की भी जांच की जा रही है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग की साजिश कैसे तैयार हुई, शूटरों को किसने भेजा और हथियार समेत अन्य इंतजाम किसने किए।
खाना खाते समय अचानक चलीं गोलियां
शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद समेत अन्य लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान बाइक से तीन युवक पहुंचे। इनमें से दो रेस्टोरेंट के अंदर गए और फायरिंग शुरू कर दी, जबकि तीसरा बाइक के पास रुका रहा।
अचानक गोलियां चलने से रेस्टोरेंट में अफरातफरी मच गई। घटना में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद और कृष्णा चौधरी घायल हुए। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने करीब 11 राउंड फायरिंग की। सभी घायलों को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था।
पुलिस ने मौके से जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब समेत अन्य वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।
SIT की जांच के बाद अब कथित साजिश में शामिल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस अब फायरिंग करने वाले शूटरों तक पहुंचने और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।


