जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, हथियार बरामद कराने के दौरान पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले दो आरोपित शूटर अजीत मंडल और मोहन यादव जवाबी कार्रवाई में घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। घटना मरीन ड्राइव स्थित फागु बाबा श्मशान घाट के पास करीब साढ़े तीन बजे हुई।
हथियार बरामद कराने ले गई थी पुलिस
पुलिस के अनुसार, रेस्टोरेंट फायरिंग मामले में हिरासत में लिए गए अजीत और मोहन को हथियार बरामद कराने के लिए फागु बाबा श्मशान घाट के पास ले जाया गया था। दोनों ने पुलिस को बताया था कि लोडेड पिस्टल उन्होंने इसी इलाके में फेंकी है।
पुलिस टीम की मौजूदगी में हथियार बरामद करने के दौरान दोनों ने कथित तौर पर अचानक पिस्टल उठा ली और पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। खतरा भांपते हुए पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अजीत के बाएं और मोहन के दाएं पैर में गोली लगी।
एमजीएम अस्पताल में चल रहा इलाज
गोली लगने के बाद दोनों घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में रखा है। घटनास्थल से दो पिस्टल भी बरामद की गई हैं।
अब पुलिस बरामद हथियारों की जांच के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि मरीन ड्राइव स्थित रेस्टोरेंट फायरिंग की साजिश में इनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही हथियार कहां से उपलब्ध कराए गए, इसकी भी जांच की जा रही है।

रेस्टोरेंट फायरिंग में घायल हुए थे चार लोग
बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग की घटना में चार लोग घायल हुए थे। वारदात के बाद पुलिस ने शूटरों और कथित साजिश में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी थी।
अब दो आरोपितों के पुलिस पर ही फायरिंग करने और उसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई से मामले की जांच को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस अन्य आरोपितों की भूमिका और फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों के स्रोत की भी पड़ताल कर रही है।

