जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह में शुक्रवार देर रात सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ने के दौरान नाव पलट गई। हादसे में दो युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गए। लापता युवकों की पहचान बारीडीह मीरा पथ निवासी अमित कुमार उर्फ गजनी और जिला स्कूल के पास रहने वाले अमित कुमार उर्फ बिट्टू कुमार के रूप में हुई है।

दोनों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। शनिवार सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है।

तीन युवक नाव से गए थे मछली पकड़ने

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक तैराकी जानते थे और अक्सर नाव से सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ने जाते थे। शुक्रवार देर रात भी दोनों अपने साथी विक्की के साथ नाव से नदी में गए थे।

नदी के बीच पहुंचने के दौरान अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे के बाद विक्की किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल आया, जबकि अमित और बिट्टू तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।

रात में लुआबासा पुल तक हुई तलाश

हादसे की जानकारी मिलते ही बारीडीह मीरा पथ और आसपास की बस्तियों के लोग नदी किनारे पहुंच गए। स्थानीय युवकों ने रात में ही दोनों की तलाश शुरू कर दी और नदी किनारे लुआबासा पुल तक खोजबीन की।

हालांकि, अंधेरा और नदी का तेज बहाव होने के कारण रात में पानी में उतरकर तलाश करना जोखिम भरा था। इसके चलते सर्च ऑपरेशन में काफी परेशानी हुई।

NDRF/SDRF की मदद लेने की तैयारी

सूचना मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। शनिवार सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। प्रशासन की ओर से NDRF/SDRF की सहायता लेने की तैयारी भी की जा रही है।

हादसे की खबर के बाद नदी तट पर परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।पुलिस और बचाव दल की ओर से दोनों लापता युवकों की तलाश लगातार जारी है।