जमशेदपुर। सोनारी हवाई अड्डे से व्यावसायिक उड़ानों का परिचालन पूरी तरह बंद होने के बाद अब यहां तैनात सुरक्षा व्यवस्था भी समेट ली गई है। झारखंड पुलिस मुख्यालय की विशेष शाखा ने एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात 75 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को तत्काल प्रभाव से वापस बुला लिया है। सभी को सोमवार सुबह 10 बजे तक रांची स्थित विशेष शाखा मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश दिया गया था।
डीएसपी को जवानों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी
विशेष शाखा के निर्देश के मुताबिक जमशेदपुर के डीएसपी को सभी पुलिसकर्मियों की तय समय पर मुख्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। वहीं सोनारी एयरपोर्ट के मुख्य सुरक्षा अधिकारी (CASO) को सुरक्षा व्यवस्था का पूरा प्रभार विधिवत सौंपने का निर्देश दिया गया है।
एयरपोर्ट की सुरक्षा ड्यूटी के दौरान जवानों को उपलब्ध कराए गए सभी सुरक्षा उपकरण और संसाधन भी संबंधित विभागों में जमा कराए जा रहे हैं।
वीजीएफ खत्म होने के बाद बंद हुईं उड़ानें
सोनारी एयरपोर्ट से केंद्र सरकार की आरसीएस योजना के तहत 31 जनवरी 2023 को ‘इंडिया वन एयर’ ने नौ सीट वाले विमानों के साथ उड़ान सेवा शुरू की थी। इसके जरिए जमशेदपुर से कोलकाता और भुवनेश्वर के लिए नियमित उड़ानें संचालित होती थीं।
हालांकि, वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) की सब्सिडी समाप्त होने और अपेक्षित अतिरिक्त आर्थिक सहायता नहीं मिलने के बाद विमानन कंपनी ने वित्तीय घाटे का हवाला देते हुए सेवाएं बंद कर दीं। पहले कोलकाता और बाद में 31 अगस्त से भुवनेश्वर की उड़ान भी बंद हो गई। इसके साथ ही सोनारी एयरपोर्ट का व्यावसायिक विमान परिचालन ठप हो गया।
अब हवाई सफर के लिए रांची या कोलकाता पर निर्भरता
सोनारी एयरपोर्ट से व्यावसायिक उड़ानों के बंद होने और अब सुरक्षा बलों की वापसी के बाद जमशेदपुर के विमानन संकट की स्थिति और स्पष्ट हो गई है। दूसरी ओर, धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना भी लंबे समय से लंबित है।
ऐसे में जमशेदपुर के उद्योग जगत, कारोबारियों और आम यात्रियों को हवाई यात्रा के लिए फिलहाल रांची या कोलकाता एयरपोर्ट का रुख करना पड़ेगा।

