जामताड़ा। जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के चेंगायडीह गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। खेलते-खेलते तालाब के पास पहुंचे तीनों बच्चे गहरे पानी में डूब गए। हादसे की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। तीन बच्चों की मौत से तीन परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर गांव के तीन बच्चे एक साथ खेल रहे थे। इसी दौरान वे घर से करीब आधा किलोमीटर दूर चिरकुटोला स्थित तालाब की ओर चले गए। बताया जा रहा है कि तालाब में पहुंचने के बाद तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण तालाब की ओर दौड़े। काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतकों में 5 और 6 साल के बच्चे
मृत बच्चों की पहचान आर्यन अंसारी (5), पिता जसीमुद्दीन अंसारी, नासिर अंसारी (करीब 6), पिता तबारक अंसारी और अमर सोहेल (करीब 6), पिता सजाउद्दीन अंसारी के रूप में हुई है। तीनों बच्चे चेंगायडीह गांव के ही रहने वाले थे।
हादसे की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कुछ देर पहले तक खेल रहे बच्चों की अचानक मौत से पूरे गांव में गम का माहौल है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
ग्रामीणों के मुताबिक, हादसे से कुछ समय पहले तक तीनों बच्चे सामान्य रूप से खेल रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर बाद इतनी बड़ी अनहोनी हो जाएगी।बच्चों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हादसे को लेकर ग्रामीणों में भी शोक है।
पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू करने की तैयारी की। हालांकि, देर शाम तक मृत बच्चों के स्वजन पोस्टमार्टम के लिए सहमत नहीं हुए थे।
पुलिस और प्रशासन की टीम हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद गांव में तालाब की सुरक्षा और बच्चों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।


