जामताड़ा। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कठबरारी में प्रभारी प्रधानाध्यापक के साथ कथित तौर पर मारपीट और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। प्रभारी प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र कुमार ने दो लोगों पर कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज करने, मारपीट, गला दबाने, मोबाइल छीनने और उन्हें कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोपितों पर पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
प्रधानाध्यापक ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मामले की जांच और आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रसोइया की नियुक्ति को लेकर हुआ विवाद
प्रधानाध्यापक के आवेदन के अनुसार, घटना 21 सितंबर को करीब 11:30 बजे की है। उनका आरोप है कि वह विद्यालय के कार्यालय में काम कर रहे थे, तभी कठबरारी निवासी मनीर अंसारी और रियल मोशन न्यूज के यूट्यूब इन्फ्लुएंसर सिराज अंसारी कार्यालय में पहुंचे।
आवेदन में कहा गया है कि दोनों ने विद्यालय में रसोइया की नियुक्ति को लेकर उनसे सवाल-जवाब शुरू किया। इसी दौरान कथित तौर पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।
धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि रसोइया की नियुक्ति उनके स्तर से नहीं की गई है, बल्कि सक्षम पदाधिकारी के अनुमोदन के आधार पर नियुक्ति हुई है।
गला दबाने और मोबाइल छीनने का आरोप
प्रधानाध्यापक ने आरोप लगाया कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों ने उनके साथ मारपीट की और उनका गला दबाया। इसके बाद मोबाइल फोन छीन लिया गया। उनका यह भी आरोप है कि उन्हें विद्यालय कार्यालय के अंदर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया गया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपितों ने धमकी देते हुए कहा कि यदि विद्यालय में काम करना है तो पांच लाख रुपये रंगदारी देनी होगी, नहीं तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।
2019 से विद्यालय में हैं प्रभारी प्रधानाध्यापक
धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, वह वर्ष 2019 से उत्क्रमित मध्य विद्यालय कठबरारी में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि पूर्व में भी उन्हें अलग-अलग तरीकों से परेशान किया जाता रहा है और जान से मारने की धमकी मिलती रही है।
फिलहाल प्रधानाध्यापक की शिकायत के आधार पर पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की गई है। आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



