प्रशांत सिंह, जांजगीर चाम्पा। जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस विभाग ने साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अनोखा साइबर जागृति राखी अभियान चलाया। अभियान के तहत 432 ग्राम पंचायतों, शासकीय संस्थानों और निजी कारखानों के कर्मचारियों को एक घंटे में एक लाख से अधिक साइबर जागृति राखियां पहनाई गईं। इस अनूठी पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जिले का नाम
अभियान का आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया गया। जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम से ऑनलाइन वीडियो के माध्यम से पूरे अभियान की मॉनिटरिंग की गई। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में रिकॉर्ड दर्ज कराने के लिए छत्तीसगढ़ प्रभारी सोनल शर्मा भी कार्यक्रम की निगरानी करती रहीं। उन्होंने मंच से इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए जांजगीर-चांपा जिले का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किए जाने की घोषणा की।

साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रदेशभर में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह का साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान रक्षाबंधन का पर्व होने के कारण जांजगीर-चांपा जिले में लोगों को अभियान से जोड़ने के लिए साइबर जागृति राखी का आयोजन किया गया।

अभियान के लिए जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में पुलिसकर्मियों के साथ कोटवार, फॉरेस्ट अमला और महिला कमांडो को तैनात किया गया था। लोगों को एक साथ बैठकर साइबर अपराध से बचाव का संदेश देने और एक-दूसरे को साइबर जागृति राखी पहनाने के लिए प्रेरित किया गया। पूरे कार्यक्रम की ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी की गई।
उन्होंने आगे बताया कि तय समय में एक लाख से अधिक लोगों ने एक दूसरे के हाथ में साइबर जागृति राखी पहनाया, जिससे हमारे जिले के एक लाख लोग एक साथ साइबर क्राइम के प्रति जागरूक हुए और जिले का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में शामिल हो गया।

महिला समूहों ने तैयार की राखियां
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि साइबर जागृति के लिए पूरे प्रदेश भर में अभियान चलाया जा रहा है। साइबर जागृति के लिए जांजगीर में महिला समूहों से राखी निर्माण कराया और उन्हें उनका मेहताना भी दिया गया। साथ ही जिला प्रशासन और जिला न्यायलय के साथ सभी कारखानो में इस मुहीम में शामिल होकर इतिहास बनाने मे सहयोग किया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


