Recruitment of Anganwadi Workers and Helpers: एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) परियोजना पत्थलगांव, जिला जशपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना पत्थलगांव द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार इच्छुक एवं पात्र महिला अभ्यर्थी 3 अगस्त 2026 से 17 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।

विज्ञप्ति के मुताबिक यह भर्ती महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों के तहत की जा रही है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। इसके लिए अभ्यर्थियों को https://aww.e-bharti.in पोर्टल पर पंजीयन कर आवेदन करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया समझने के लिए पोर्टल पर उपलब्ध ‘उपयोगकर्ता मैनुअल’ की सहायता ली जा सकती है।
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र का प्रिंट आउट एवं आवश्यक दस्तावेज निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना कार्यालय पत्थलगांव में कार्यालयीन समय पर जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
इन केंद्रों में निकली भर्ती
जारी विज्ञापन के अनुसार कुल 4 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें दो पद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा दो पद सहायिका के हैं।
| सेक्टर | आंगनबाड़ी केंद्र | ग्राम/नगर पंचायत | रिक्त पद |
|---|---|---|---|
| सुखरापारा | खालापारा | ग्राम पंचायत सुखरापारा | कार्यकर्ता – 1 पद |
| गाला | नौचौरा | ग्राम पंचायत दुबुकजोरा | कार्यकर्ता – 1 पद |
| पत्थलगांव-02 | सिपाहीपारा | नगर पंचायत पत्थलगांव (वार्ड क्रमांक-15, संत विनोबा भावे वार्ड) | सहायिका – 1 पद |
| तिलडेगा | जुनापारा | ग्राम पंचायत कुमेकेला | सहायिका – 1 पद |
आवेदन के लिए प्रमुख पात्रता
विज्ञप्ति में जारी शर्तों के अनुसार—
- आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका का पद पूर्णतः मानसेवी होगा।
- यह भर्ती केवल महिला अभ्यर्थियों के लिए है।
- आवेदन की अंतिम तिथि तक अभ्यर्थी की आयु 18 वर्ष से 44 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
- जिन अभ्यर्थियों के पास आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, संगठिका, सह-संगठिका अथवा सह-सहायिका के रूप में एक वर्ष या उससे अधिक का अनुभव है, उन्हें अधिकतम आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट मिलेगी। एक वर्ष से कम अनुभव वाले अभ्यर्थी इस छूट के पात्र नहीं होंगे।
परियोजना अधिकारी ने पात्र महिला अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। आवेदन प्रक्रिया और अन्य विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल पर जारी आधिकारिक विज्ञापन का अवलोकन कर सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


