जौनपुर. सोशल मीडिया पर महंगाई को लेकर एक पोस्ट करना जौनपुर के लेखपाल अशोक कुमार यादव को भारी पड़ गया. शाहगंज तहसील में तैनात लेखपाल ने रविवार को अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा- ‘चाय खतरे में है मित्तर, चीनी पहुंच गई सत्तर’. पोस्ट वायरल होते ही तहसील प्रशासन हरकत में आया और लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.
इसे भी पढ़ें- पूर्व BSP विधायक के घर ED का रेड, 2 करोड़ से ज्यादा कैश मिला
कार्रवाई के बाद शाहगंज तहसील में इस मामले की चर्चा तेज हो गई. बताया जा रहा है कि पोस्ट की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचने के बाद मामले की जांच कराई गई और इसके बाद निलंबन का आदेश जारी हुआ.
फेसबुक पोस्ट वायरल होते ही मचा हड़कंप
लेखपाल अशोक कुमार यादव ने रविवार को अपने फेसबुक पेज पर चीनी की बढ़ती कीमत को लेकर कटाक्ष करते हुए पोस्ट किया था. पोस्ट में उन्होंने लिखा था, ‘चाय खतरे में है मित्तर, चीनी पहुंच गई सत्तर.’ पोस्ट कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा. मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो तहसील प्रशासन ने पोस्ट से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी. इसके बाद रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई.
अधिकारियों ने माना आचरण नियमों का उल्लंघन
प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई में बताया गया कि सरकारी सेवा में रहते हुए सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट करना आचरण नियमों के खिलाफ माना गया. अधिकारियों का तर्क है कि सरकारी कर्मचारियों को ऐसे पोस्ट से बचना चाहिए, जिससे विभाग की छवि प्रभावित हो या किसी तरह का विवाद पैदा हो. इसी आधार पर लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की गई और उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.
इसे भी पढ़ें- ओम प्रकाश राजभर का खरगे पर पलटवार, पूछा- 60 साल में कांग्रेस ने क्या दिया?
पोस्ट के बाद निलंबन आदेश भी वायरल
इस मामले में एक दिलचस्प बात यह रही कि पहले लेखपाल की फेसबुक पोस्ट वायरल हुई और उसके बाद निलंबन का आदेश भी सोशल मीडिया पर फैल गया. कुछ ही समय में निलंबन आदेश कई लोगों के मोबाइल फोन तक पहुंच गया. हालांकि, लेखपाल के निलंबन को लेकर प्रशासन की ओर से अभी कोई विस्तृत सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है. फिलहाल महंगाई और चीनी की कीमत पर की गई फेसबुक पोस्ट को ही कार्रवाई की मुख्य वजह बताया जा रहा है.


