केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी बागपत में आयोजित देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह की रस्म पगड़ी में शामिल हुए. इस अवसर पर उन्होंने समाज के प्रति दिवंगत चौधरी के योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
बागपत. स्थित जनता वैदिक कॉलेज के मैदान में देशखाप के दिवंगत चौधरी सुरेंद्र सिंह के लिए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से हवन-पूजन के साथ हुई, जहां उपस्थित लोगों ने आहुतियां देकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. इसके बाद आयोजित रस्म पगड़ी समारोह में खाप प्रतिनिधियों और समाज के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया.
कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने दिवंगत देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि चौधरी सुरेंद्र सिंह ने अपना पूरा जीवन समाज के कल्याण और उत्थान के लिए समर्पित कर दिया. वे सदैव जनहित को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष और समाजोपयोगी निर्णय लिया करते थे. जयंत चौधरी ने दिवंगत चौधरी के पिता सुखबीर सिंह के साथ अपने पुराने और आत्मीय संबंधों को भी याद किया.
केंद्रीय मंत्री ने देशखाप व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि यह सामाजिक एकजुटता और सामर्थ्य का एक मजबूत प्रतीक है. उन्होंने कहा कि रस्म पगड़ी जैसे परंपरा से जुड़े आयोजन आपसी भाईचारे और सामाजिक ताने-बाने को सुदृढ़ बनाने का काम करते हैं. कार्यक्रम के दौरान मीडियाकर्मियों द्वारा दिल्ली में जारी विरोध-प्रदर्शनों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर सवाल पूछे जाने पर जयंत चौधरी ने राजनीतिक बयानबाजी से परहेज किया और अपना ध्यान पूरी तरह सामाजिक परंपराओं और श्रद्धांजलि सभा तक सीमित रखा.

