जयंत चौधरी ने बागपत के खेकड़ा में अखिलेश यादव के बयानों पर पलटवार करते हुए राजनीतिक मर्यादा और संयम बनाए रखने की बात कही. उन्होंने किसानों, चीनी के दाम, यूजीसी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी.

बागपत. केंद्रीय राज्यमंत्री और राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी ने गुरुवार को बागपत के खेकड़ा स्थित गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में लाइब्रेरी का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एबीसीडी के बाद भी चीजें आती हैं और इस बार वह उन्हें दिखाएंगे.

जयंत चौधरी ने अपने कार्यकर्ताओं से राजनीतिक विरोध के दौरान संयम बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी को भी लक्ष्मण रेखा पार नहीं करनी चाहिए और राजनीतिक मतभेदों के बावजूद मर्यादा व संयम कायम रहना जरूरी है.

चीनी के दाम पर बोले

चीनी की बढ़ी कीमतों के सवाल पर जयंत चौधरी ने कहा कि नया गन्ना सीजन शुरू होने वाला है. उन्होंने कहा कि गन्ने और किसान की कमाई से घर-घर मिठास पहुंची है और इसका फायदा सिर्फ किसानों को ही नहीं, बल्कि चीनी मिलों के श्रमिकों तथा इंडस्ट्री को भी मिल रहा है.

उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी अखिलेश यादव किसानों की बात नहीं समझ पा रहे हैं. उनके मुताबिक अखिलेश यादव को किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाने की बात करनी चाहिए थी, लेकिन वह रसगुल्ले की बढ़ी कीमतों की बात कर रहे हैं.

एनडीए में रालोद को ज्यादा सीटें दिए जाने संबंधी अखिलेश यादव के बयान पर जयंत चौधरी ने व्यंग्य करते हुए कहा, “पैरवी के लिए उन्हें ही भेजें क्या?”

यूजीसी पर भी प्रतिक्रिया

यूजीसी के मुद्दे पर जयंत चौधरी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में रोक लगाई है और उसका पालन किया जा रहा है. उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने चौधरी चरण सिंह के आदर्शों और संस्कारों से आने वाली पीढ़ियों को जोड़ने की बात कही थी.

स्कूलों की जिम्मेदारी

जयंत चौधरी ने कहा कि स्कूलों को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं है. इसमें अभिभावकों और बच्चों की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए.

इसी उद्देश्य से आनंदया फाउंडेशन की ओर से 36 स्कूलों में प्रोजेक्ट पुस्तकालय के तहत लाइब्रेरी तैयार की गई हैं. खेकड़ा के गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में किया गया लाइब्रेरी का उद्घाटन भी इसी पहल का हिस्सा था.

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी खेकड़ा में रणजीत सिंह और बसी गांव में छोटूराम की तेहरवीं पर पहुंचे और श्रद्धांजलि दी.