कुंदन कुमार, पटना। देश में चीनी की बढ़ रही कीमतों पर बिहार सरकार के मंत्री का बेतुका बयान सामने आया है। दरअसल विधानसभा में जदयू विधायक दल के नेता और बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार से आज शुक्रवार को जब चीनी की बढ़ी हुई कीमत पर पत्रकारों ने सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि, आजकल लोग चीनी कम खा रहे हैं। शुगर की बीमारी हो रही है। यही यही कारण है कि लोग मिठाई एवं चीनी का कम उपयोग कम करते हैं। इसीलिए देश में यदि चीनी की कीमत बढ़ रही है, तो उसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

पटना में 75 रुपए किलो बिक रहा चीनी

दरअसल पिछले कुछ दिनों से देश में चीनी की कीमतों में अचानक तेजी देखने को मिली है। बीते 3 महीने में चीनी के दाम करीब 40 फीसदी तक बढ़ गए हैं। इसके साथ ही गुड़, चावल और मक्के की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बढ़ती महंगाई का असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है। राजधानी पटना में चीनी 75 रुपए किलो तक बिक रहा है।

400 टन से अधिक स्टॉक रखने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई

पटना में चीनी का दाम 75 रुपये किलो तक पहुंचने के बाद बिहार सरकार ने चीनी की कालाबाजारी रोकने को लेकर सख्त रुख अपनाया है। गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने राज्य में 400 टन से अधिक चीनी का स्टॉक रखने वाले व्यापारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को स्टॉक की जांच और भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए हैं।

ये भी पढ़ें- मंत्री श्रवण कुमार के जन्मदिन पर नालंदा में खास पूजा-अर्चना, बाबा मणिराम को चढ़ाया लंगोट