कुंदन कुमार, पटना। मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने निशांत कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। अनंत सिंह ने कहा कि, निशांत कुमार पूरा बिहार घूमेंगे, तब जाकर उन्हें बिहार के बारे में पता चलेगा। मोकामा विधायक ने कहा कि, निश्चित तौर पर उन्हें बिहार भ्रमण करना चाहिए।

लालू सरकार पर साधा निशाना

श्रवण कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुने जाने पर अनंत सिंह ने कहा कि, अच्छी बात है कि उन्हें जदयू विधायक दल का नेता बनाया गया है। वहीं, लालू यादव के शासन काल को लेकर भी मोकामा विधायक ने बड़ा बयान दिया और कहा कि किस तरह का राज था प्रतिदिन अपहरण होता था। नीतीश जी आए और बिहार को बदल दिए। आज छोटी मोटी भी कोई घटना होती है, तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है।

पहले अपनी पत्नी के बारे में जवाब दे- अनंत सिंह

वहीं, तेजस्वी यादव से जुड़े एक सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि, तेजस्वी यादव क्या बोलेंगे? उनके माता पिता के राज को जनता सब देखा है। इस दौरान उन्होंने पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पर भी बड़ा बयान दिया और कहा कि, ये लोग बंदर है। कुछ से कुछ महिलाओं को लेकर बोलता है, उसकी अपनी पत्नी राजनीति में है, पहले उसके बारे में कहे ना कि वो राजनीति में कैसे आई है। दूसरे महिला के बारे में कुछ से कुछ बोलते हैं। हम ऐसे लोगों को क्या जवाब दे?

पप्पू यादव के इस बयान से मचा है बवाल

गौरतलब है कि पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने हालही में महिलाओं को लेकर एक बेहद ही आपत्तिजनक बयान दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि महिलाओं को राजनीति में आने के लिए कंप्रोमाइज करना पड़ता है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि 90% महिलाओं का राजनीतिक करियर नेताओं के बेड (बिस्तर) से शुरू होता है, उनके इस बयान को लेकर बिहार महिला आयोग ने उन्हें नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों के अंदर जवाब मांगा है। वहीं, अब इस मामले पर जदयू विधायक अनंत सिंह ने भी कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव पर जमकर निशाना साधा है।

ये भी पढ़ें- डर, दंगे और बंद दरवाजे…लालू-राबड़ी के शासनकाल का जिक्र कर निशांत ने याद दिलाया पुराना बिहार