कुंदन कुमार, ​पटना। बिहार के पू्र्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने पूर्व मुख्यमंत्री और महान समाजवादी नेता भोला पासवान शास्त्री की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। इस अवसर पर उन्होंने भोला पासवान शास्त्री के जीवन और उनके संघर्षों को याद करते हुए कहा कि वे आजीवन समाज के गरीबों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों के लिए समर्पित रहे। उनके आदर्श आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

​जमुई की घटना पर विपक्ष को दिया करारा जवाब

​श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मीडियाकर्मियों के सवालों का जवाब देते हुए उमेश कुशवाहा ने जमुई में हुई हालिया घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि राज्य सरकार किसी भी ऐसी अप्रिय घटना के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और पुलिस-प्रशासन द्वारा तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
​इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर जोरदार हमला बोला। उमेश कुशवाहा ने कहा कि राजद के शासनकाल के बिहार को आज के दौर से तुलना करने की आवश्यकता है। उस समय शाम ढलते ही लड़कियां और आम नागरिक अपने घरों से बाहर निकलने में भी डरते थे। आज राजद के नेताओं को अपना पुराना कार्यकाल भूल गया है, जबकि वर्तमान में कानून का राज स्थापित है।

​बाहुबली विधायक अनंत सिंह के बयान पर सख्त रुख

​बाहुबली विधायक अनंत सिंह के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी हर एक गतिविधि और बयान पर पैनी नजर रख रहा है। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पार्टी की गरिमा या अनुशासन के खिलाफ कोई भी गतिविधि की जाएगी, तो उस पर उचित कदम उठाया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि वर्तमान में पार्टी के भीतर सब कुछ पूरी तरह नियंत्रण में है और संगठन में किसी प्रकार की कोई दिक्कत या मतभेद नहीं है।