जनता दल यूनाइटेड ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने के लिए 'एक बूथ-दस यूथ' का नया फॉर्मूला तैयार किया है। लखनऊ में हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में एनडीए के साथ मिलकर चुनाव लड़ने और अगस्त-सितंबर में कई बड़े कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला लिया गया।

सतीश सिंह, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए ‘एक बूथ–दस यूथ’ का चुनावी मंत्र दिया गया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि मजबूत बूथ संगठन ही आगामी चुनाव में जीत की सबसे बड़ी कुंजी होगा।

प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार, मंडल स्तर की जिम्मेदारियों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से मंथन किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर कम से कम 10 सक्रिय युवाओं की टीम तैयार करना है, जो चुनाव के समय संगठन की सबसे मजबूत इकाई साबित होगी।

14 मंडलों में प्रभारियों की घोषणा

बैठक में प्रदेश के 18 में से 14 मंडलों के लिए प्रभारियों की घोषणा की गई। इन प्रभारियों को जिलों का दौरा कर संगठन की समीक्षा, जिला एवं विधानसभा इकाइयों का गठन, संभावित चुनावी सीटों का आकलन और विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपने की जिम्मेदारी दी गई। वहीं प्रदेश महासचिव हरि शंकर पटेल को सभी मंडलों और जिला इकाइयों के बीच समन्वय की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई।

एनडीए के साथ लड़ेगी चुनाव

अनूप सिंह पटेल ने कार्यकर्ताओं के बीच यह संदेश भी स्पष्ट किया कि जदयू उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा बनी रहेगी और 2027 का विधानसभा चुनाव सहयोगी दलों के साथ मिलकर लड़ेगी।

अगस्त-सितंबर में होंगे बड़े कार्यक्रम

संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के लिए अगस्त और सितंबर में रायबरेली, मिर्जापुर, मेरठ, तुलसीपुर और प्रयागराज में बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा सितंबर में जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के उत्तर प्रदेश दौरे का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है।

सदस्यता अभियान और नए जिलाध्यक्ष

बैठक में सदस्यता अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक युवाओं और नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया गया। इसी दौरान रमाशंकर यादव को अंबेडकरनगर का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा भी की गई।

बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पार्टी नेतृत्व ने भरोसा जताया कि मजबूत संगठन, युवा शक्ति और बूथ प्रबंधन के दम पर जदयू 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी।