मनुष्य की पहचान केवल इस बात से ही नहीं होती कि वह कितना ज्ञानी है और उसका व्यक्तित्व कैसा है? बल्कि उसे इस बात से भी पहचाना जाता है कि वह परिस्थितियों और परिवेश के अनुसार स्वयं को कितनी सहजता से ढाल पाता है। एक जीवन हमें कई बार ऐसे अवसर देता है कि हमें अलग-अलग स्थानों, समाजों और संस्कृतियों के लोगों के बीच रहना पड़ता है। “Different strokes for different folks.” इसका आशय है कि अलग-अलग लोगों की पसंद और तौर-तरीके अलग होते हैं ऐसे में अपने संस्कारों की रक्षा करते हुए स्थानीय परंपराओं और मर्यादाओं का सम्मान करना ही समझदारी है। देशकालौ समासाद्य कार्यं कुर्यात् विचक्षणः। इस सुभाषित के अनुसार बुद्धिमान व्यक्ति देश और काल को समझकर कार्य करता है।

अंग्रेज़ी की एक प्रसिद्ध कहावत “When in Rome, do as the Romans do” इसी जीवन-दृष्टि को व्यक्त करती है जिसके अनुसार जिस स्थान या समाज में जाएं वहां के रीति-रिवाजों और तौर-तरीकों का सम्मान करें। हिंदी में इसके लिए “जैसा देश, वैसा भेष” कहावत सबसे उपयुक्त है।स्थान विशेष और व्यक्ति विशेष के मान से स्वयं में परिवर्तन का अर्थ यह कतई नहीं कि हम अपनी पहचान या मूल संस्कार छोड़ दें। इस लेख का उद्देश्य उस संदेश का प्रसार करना है जिसमें दूसरों की संस्कृति का सम्मान करते हुए अपने व्यवहार में लचीलापन रखने की बात हो।

“Courtesy costs nothing.” यानी शिष्टाचार के लिए कोई कीमत नहीं चुकानी पड़ती। इसी बात को पुष्टि करते हुए एक सुभाषित कहता है विनयाद् याति पात्रत्वम् अर्थात् विनम्रता से मनुष्य योग्य बनता है। इस श्लोक को एक सरल उदाहरण से समझते हैं ‘यदि किसी धार्मिक या पवित्र स्थल पर प्रवेश से पहले जूते उतारना वहां की परंपरा है तो उसका सहजता से पालन करना हमारे संस्कार और विनम्रता का परिचायक है।’

दूसरों को दिया हुआ सम्मान ही आपको सम्मान दिला सकता है। जो व्यक्ति परिवेश को समझता है वही लोगों के दिलों में आसानी से जगह बना सकता है। सम्मान मांगने से पहले सम्मान देना आवश्यक है। सफ़ल जीवन का सर्वोत्तम मंत्र यही है कि दुनिया के तौर-तरीकों को समझकर चलते हुए अपनी जड़ों से जुड़े रहिए। “Adaptability is the key to survival.” परिस्थितियों के अनुसार ढलना सफलता और अस्तित्व की कुंजी है स्मरण रहे यही सामाजिक समझदारी व्यवहार-कुशलता है।

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H