जीवन की यात्रा में ऐसे लोगों का सामना करना ही पड़ता है जो राह में बाधा बनते हैं. उनमे से कुछ विरोधी हमारी कमियों की ओर संकेत करके हमें बेहतर बनने की प्रेरणा देते हैं लेकिन कुछ केवल नकारात्मकता और अनावश्यक विवाद पैदा करते हैं. विघ्नसंतोषियों से उलझ कर अपनी शक्ति, समय और एकाग्रता समाप्त करने से बेहतर है ऐसे लोगों से दूरी बनाकर अपने जीवन में शांति और प्रगति का द्वार खोलें. श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक “उद्धरेदात्मनात्मानं नात्मानमवसादयेत्।” के आधार पर मनुष्य अपने उद्धार और पतन के लिए स्वयं उत्तरदायी होता है.

अंग्रेज़ी मुहावरा “Good riddance to bad rubbish” का भाव भी यही है कि अनुपयोगी और हानिकारक चीज़ों से छुटकारा मिलना राहत और उन्नति का कारण बनता है. जीवन- यात्रा में पुराने विवादों, कटु स्मृतियों और निरर्थक विरोध का बोझ बना रहे तो आगे बढ़ना कठिन हो जाता है.

Lighten the ship to make it sail faster इस पंक्ति के अनुसार जिस तरह जहाज को तेज चलाने के लिए अनावश्यक भार को कम करना ही पड़ता है, वैसे ही जीवन की गति बढ़ाने के लिए नकारात्मक संबंधों और विचारों का बोझ कम करना आवश्यक हो जाता है. Cut the dead wood. इस मोहवारे का सार है कि आगे बढ़ने के लिए बेकार और रुकावट बनने वाले लोगों को जीवन से हटाना ज़रूरी है.

विरोधियों से मुक्ति का अर्थ किसी के प्रति द्वेष रखना बिलकुल नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य अपनी ऊर्जा को सही दिशा देना है. हर आलोचना का उत्तर देना आवश्यक नहीं होता कभी-कभी मौन, दूरी और अपने लक्ष्य पर ध्यान ही इसका सबसे प्रभावी उत्तर होता है. रामचरितमानस की यह पंक्ति “छमहु चूक अनजानत केरी॥” का सार ही यह है कि कटुता और प्रतिशोध के बजाय क्षमा मन को हल्का करती है, विरोधियों की क्षमा करें और अपने मार्ग पर आगे चलें.

विरोध में उलझने के बजाय अपने कर्म, चरित्र और उद्देश्य को पर केंद्रित होना ही पहली सफलता है. अंग्रेजी के एक मुहावरे में बहुत ही पते की बात लिखी है ”Lions don’t lose sleep over the opinions of sheep” इसका हिंदी अर्थ है “शेर भेड़ों की राय को लेकर अपनी नींद खराब नहीं करते.” विरोध को वैर नहीं अपना अनुभव बनाइए और अनावश्यक विरोध से स्वयं को मुक्त कर आगे बढ़िए.

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज 24 मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H