”जल्दी का काम शैतान का” ऐसे प्रसिद्ध और सटीक कहावतों से हर युग में नवजवान क्रुद्ध हुआ है. ”जल्दबाज़ी में काम बिगड़ता है” यह वाक्य तीर की गति से कार्य करने वाले युवा वर्ग को कभी पसंद आया. एक विशेष आयु के बाद में इस कथन की महत्ता सभी को समझ में आ जाती है. याद रखिए कोई भी मुहावरा या कहावत अनुभव की तीव्र आँच में तपने और पकने के बाद ही बनता है.

उतावला सो बावला, धीरज का फल मीठा, हड़बड़ी का काम गड़बड़ी का, सहज पके सो मीठा, Better late than never, Measure twice, cut once यह सब लाख टके की बात है अगर धीरज और गम्भीरता से समझी जाए तो. बहुत जल्दी या बिना सोचे-समझे किए जाने वाले काम में भूल-चूक और त्रुटि अवश्य होती है और इस से समय, मेहनत और संसाधनों का भी अपव्यव होता है.

संस्कृत में कहा गया है “त्वरा कार्यनाशिनी भवति” यानी शीघ्रता काम का नाश करती है या “शीघ्रता अनर्थस्य मूलम्” यानी जल्दी या उतावलापन अनर्थ या बुरे परिणाम की जड़ होती है. कभी भी सफलता की सीढ़ी जल्दबाज़ी नहीं समझदारी ही बनती है. स्मरण रहे जीवन में गति आवश्यक है लेकिन गति के साथ विवेक न हो तो यही तीव्रता विनाश का कारण भी बन सकती है.

धैर्य, निरंतर प्रयास और संयम का संदेश देने वाला एक श्लोक “शनैः पन्थाः शनैः कन्था शनैः पर्वतलङ्घनम्.” इसका अर्थ है मार्ग, साधना और कठिन लक्ष्य सब धीरे-धीरे ही पूरे होते हैं. विशेषकर वर्तमान काल में प्रत्येक व्यक्ति परिणाम पाने की जल्दी में है. कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करना, त्वरित निर्णय लेना और बिना पर्याप्त विचार किए आगे बढ़ जाना आधुनिक सोच की पहचान बनी हुई है.

अंग्रेज़ी की प्रसिद्ध कहावत “Haste makes waste” का भी संदेश है कि किसी कार्य को बिना सोचे-समझे जल्द पूरा करने की कोशिश अक्सर समय बचाने के बजाय नुकसान बढ़ाने वाली होती है. Marry in haste यानी जल्दबाज़ी में लिया गया निर्णय रिश्तों में दूरी, व्यापार में घाटा और जीवन में पछतावा पैदा करता है.

दरअसल गति में कोई बुराई नही है लेकिन दिशाहीन गति खतरनाक होती है. सफलता केवल तीव्रता से नहीं मिलती बल्कि सही दिशा में संतुलित गति से मिलती है. जल्दबाज़ी के स्थान में धैर्य, विवेक और दूरदृष्टि को अपना जीवन-मंत्र बनाइए. Slow and steady wins the race और repent at leisure जैसे अंग्रेज़ी के proverbs से हमेशा मार्गदर्शन लेते रहिए.

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H