व्रत और उत्सव के अलावा नौ दिनों की एक गहन आध्यात्मिक यात्रा का नाम है नवरात्रि। प्रतिपदा से शुरू होने वाली यह यात्रा मानव चेतना को तामसिक बंधनों से मुक्त कर दिव्यता की ओर ले जाती है। क्या आपको मालूम है? अध्यात्म में नवरात्रि के नौ दिनों का महत्व मानव शरीर के नौ द्वारों और नौ चक्रों की शुद्धि से जुड़ा है। नवरात्रि का हर दिन मानव जीवन के आंतरिक शत्रुओं, काम, क्रोध, लोभ और अहंकार को परास्त करने का अवसर है।

वन्दे वाञ्छितलाभाय चन्द्रार्धकृतशेखराम्।
वृषारूढां शूलधरां शैलपुत्रीं यशस्विनीम्॥

यह संस्कृत श्लोक माँ शैलपुत्री (नवदुर्गा के प्रथम स्वरूप) की वंदना और ध्यान मंत्र है। जो मनचाहा (वांछित) फल प्रदान करने वाली हैं। प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा, स्थिरता और संकल्प का प्रतीक हैं।

“Rome was not built in a day.” जिस तरह एक बीज को वृक्ष बनने के लिए उसे मिट्टी में गहरे जड़ जमाना पड़ता है ठीक वैसे ही आध्यात्मिक साधना की शुरुआत दृढ़ संकल्प से होती है। जैसे साधना के नौ दिन धैर्य माँगता है वैसे ही आत्म-रूपांतरण में भी समय लगता है।

या देवी सर्वभूतेषु शक्ति-रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः॥

इस श्लोक का सार संक्षेप है – जो देवी सभी प्राणियों में शक्ति के रूप में स्थित हैं उन्हें बारंबार नमस्कार है।

“Cleanliness is next to godliness.” अर्थात् मन, वचन और कर्म की शुद्धि ही ईश्वर प्राप्ति का पहला कदम है। नवरात्रि के नौ दिनों में उपवास और ध्यान के माध्यम से मानव अपनी सोई हुई आंतरिक शक्ति (कुंडलनी) को जाग्रत कर सकते हैं। “No pain, no gain.” तपस्या और उपवास की कठिनाई ही आत्मा को शुद्ध बनाती है।

स्मरण रहे यह विशिष्ट समय आत्म-निरीक्षण का होता है जिसमें तीन दिन तमस को मिटाने (दुर्गा रूप), तीन दिन रजस को व्यवस्थित करने (लक्ष्मी रूप) और अंतिम तीन दिन सत्व को धारण करने (सरस्वती रूप) के होते हैं। इन नौ दिनों की साधना को पार करते हैं उसके बाद विजयदशमी के दिन हमारे भीतर के ‘रावण’ यानी अज्ञान और अहंकार का अंत होता है। नवरात्रि संदेश है कि सच्ची शक्ति बाहर नहीं, हमारे भीतर है। नवरात्र मानव जीवन में अनुशासन, शुद्धि और परम चेतना से जुड़ने का एक स्वर्णिम मार्ग है।

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H