“A bad workman blames his tools…” इतिहास साक्षी है कि “जिस व्यक्ति ने कभी कोई गलती नहीं की उसने समाज को कुछ नया दिया भी नहीं ऐसे लोगों के लिए एक वाक्य है ”He who never made a mistake never made anything” इसके विपरीत अपने काम में अकुशल या अदक्ष कुछ व्यक्ति अपनी कमी स्वीकार करने के बजाय उसका दोष परिस्थितियों या दूसरों को देने में माहिर होते हैं. जीवन में असफलता हर किसी के हिस्से में आती है, मगर याद रहे असफलता से मिलने वाली सीख ही व्यक्ति को आगे बढ़ाती है. कहा जाता है Failure is the stepping stone to success… इसका आशय है योग्य व्यक्ति अपनी गलती को पहचानता है उससे सीखता है और स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करता है. गलती स्वीकार करना आत्मविकास की पहली सीढ़ी है. जो अपनी कमी को पहचान कर उसे दूर करने की सोच भी रहा है समझिए उसने इस दिशा में पहला और महवपूर्ण कदम उठा भी लिया.

सीखने, पढ़ने, समझने और अपने भीतर सुधार लाने की कोई आयु, अवस्था या शुभ मुहूर्त नहीं होता. आवश्यकता केवल ईमानदार इच्छा और निरंतर प्रयास की है. कुछ नया सीखने के की दिशा का सबसे बड़ा रोड़ा होता है आलस्य और इस के विषय में एक प्रसिद्ध श्लोक है…
आलस्यं हि मनुष्याणां शरीरस्थो महारिपुः। नास्त्युद्यमसमो बन्धुः कृत्वा यं नावसीदति॥
इसका अर्थ है आलस्य मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु है और परिश्रम से बढ़कर कोई मित्र नहीं. आलस्य, काहिली और आत्ममुग्धता के कारण कुछ लोग अपनी कमियों को स्वीकार करने के बजाय उसे छिपाने के बहाने तलाशते रहते हैं. नाच ना जाने आंगन टेढ़ा, जिनके लिए यह मुहावरा बना है ऐसे असफल व्यक्तियों के लिए, कभी साधन खराब हैं, कभी समय ठीक नहीं था, कभी सहयोग नहीं मिला, ऐसे बहानों की सूची होती है जो कभी समाप्त नहीं होती. गहराई से विचार करने पर पाते हैं कि वास्तविक समस्या साधनों में नहीं हमारी तैयारी, ज्ञान, अनुभव की कमी और दृष्टिकोण में होती है.
उद्योगिनं पुरुषसिंहमुपैति लक्ष्मीः। दैवेन देयमिति कापुरुषा वदन्ति॥ यानी परिश्रमी व्यक्ति को सफलता मिलती है लेकिन कमजोर व्यक्ति सब कुछ भाग्य पर छोड़ता है।
एक अंग्रेज़ी कथन है Where there is a will, there is a way. उपकरण असफल और कमज़ोर हो सकते हैं, परिस्थितियाँ कठिन हो सकती हैं लेकिन सीखने की इच्छा मजबूत हो तो नए मार्ग स्वतः ही प्रकट होते हैं.

संदीप अखिल
सलाहकार संपादक
न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



