“Fortune favors the brave.” जीवन की सार्थकता इस बात में हैं कि हमारा अस्तित्व किसी बड़े उद्देश्य के काम आए। राष्ट्र की रक्षा और देश की सेवा मानव जीवन के महान उद्देश्य का सर्वोच्च रूप है। आज यानी 8 अक्टूबर वह ख़ास अवसर है जब हम भारतीय वायु सेना दिवस मनाते हुए, वायु सेना के वीरों के लिए अपनी कृतज्ञता व्यक्त करें।

“Fortune favors the brave.” साहसियों का साथ भाग्य भी देता है। देश के आकाश की रक्षा के लिए हर क्षण सजग रहने वाले वीर वायु योद्धाओं का जीवन संदेश होता है कि साहस केवल परिस्थितियों से लड़ना ही नहीं बल्कि अपने कर्तव्य के प्रति अंतिम क्षण तक ईमानदार रहना भी होता है। आसमान के प्रहरी भारत के गौरव हैं। यह एक कठोर सत्य है “Freedom is never free.” इसका अर्थ है स्वतंत्रता कभी निःशुल्क नहीं मिलती उसके पीछे बलिदानों की कीमत होती है। मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सुख, परिवार और जीवन समर्पित करने की निष्ठा किसी तपस्या से कम नहीं होती।

अँग्रेज़ी की इस पंक्ति “Greater love has no one than this: to lay down one’s life for one’s friends.” का आश्य है अपने प्रियजनों और देशवासियों के लिए जीवन अर्पित करने से बड़ा प्रेम क्या हो सकता है? इस सच्चाई को सभी जानते हैं कि सुरक्षा प्रहरी की जागती आंखों के कारण देश के करोड़ों नागरिक चैन की नींद सोते हैं। वायु सेना की ऊंची उड़ान असीम शक्ति के साथ एक संदेश भी है कि संकल्प ऊँचा हो तो आकाश की कोई सीमा नहीं होती। सभी का अपना राष्ट्रधर्म है।

“No man is an island.” यानी कोई व्यक्ति समाज और राष्ट्र से अलग होकर पूर्ण नहीं हो सकता। कोई ईमानदारी से अपना काम करना राष्ट्रसेवा मानता है, कोई समाज के प्रति संवेदनशील होकर और कोई देश की संपत्ति और प्रकृति की रक्षा कर अपने देश प्रेम का प्रदर्शन करता है जो भी हो राष्ट्रभक्ति हमारे आचरण में दिखाई दे तो ही शुभ है। अपने कर्तव्य को पूजा बना लेना ही आराधना है।

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H