No man is an island… स्क्रीन के उस पार वह बड़ी सी दुनियाँ है जो आपकी उपेक्षाओं से बहुत पीछे छूट गई है। स्क्रीन के पीछे है आपका प्यारा घर, घर के अपने लोग, बूढ़ी माँ, आस-पड़ोस, आपका मोहल्ला, आपकी गलियाँ, आपकी सड़कें, दूध वाला, सब्ज़ी वाला, कचरा वाला, गली का शेरू, आवारा गाय मगर यह सब अब आपको नही दिखता। बहुत सम्भव है स्क्रीन के पीछे दुबके हुओं को आप भी न दिखाई देते हों। 


तेज़ी से बदलती ‘तकनीकी दुनियाँ’ इस बदलाव की कीमत, अपनी नष्ट होती मानवता और समाप्त होते आपसी सहयोग की भावना से चुका रही है। आपसी मेल-मिलाप से रिश्तों को मजबूत बनाने की परम्परा आज लगभग अपने अंतिम चरण में है। अब हमारे पास संवाद का एक ही कारगर उपाय शेष है वो है सेल फ़ोन का स्क्रीन। कोविड-19 के बाद से यह बदलाव और भी तेज़ी से नोटिस में आया है। सुविधाओं से भर देने वाली सोशल मीडिया और ऑनलाइन की दुनिया ने चुपके से लोगों के बीच की आत्मीयता को चुरा लिया है। अब लोग अपने प्रोफाइल और स्टेटस के आधार पर पहचाने जा रहे हैं। बैंकिंग जैसे क्षेत्रों में भी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन ने विश्वास की पारंपरिक नींव को हिला के रख दिया है अब हमारा बैंकर हमें, हमारे एकाउंट नंबर से पहचानता है।

“संगच्छध्वं संवदध्वं सं वो मनांसि जानताम्।”

ऋग्वेद के इस प्रसिद्ध वैदिक मंत्र में संपूर्ण मानव जाति को एकता, परस्पर सद्भाव, और मिलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा है। चिंतन मनन इस बात पर भी होनी चाहिए कि इस दूरी का असर अब परिवारों में भी दिखाई देने लगा है। एक ही छत के नीचे रहने वाले भरे-पूरे संयुक्त परिवार के सदस्यों को भी संचार तकनीक ने एक-दूसरे के लिए अजनबी बना दिया है। एक समय में ऐसी तस्वीर शहरों की हुआ करती थी मगर आज गाँव की चौपाल और बरगद की छाँव भी सूनी हो चुकी है। अंतिम संस्कार की राशि online भेजकर विडीओ कॉलिंग के ज़रिए अपने माता-पीता के अंतिम संस्कार में शामिल होने वालों की डिजिटल कहानियाँ संवेदनहीनता का शिखर बनती जा रही है।

नई तकनीक की सुविधा का भरपूर लाभ उठाते हुए भी हमें समाज में संवादहीनता की इस स्थिति को बदलना होगा रिश्तों में जुड़ाव, विश्वास और सहयोग की भावना को उसका खोया हुआ स्थान फिर से देना होगा। अपने मानवीय संबंधों को विज्ञान की माया से हमेशा ऊपर रखें।

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m