मानव मन बहुत ही जटिल होता है, मन की हर प्रतिक्रिया हमें हैरान कर देती है. आज तलक कोई समझ न सका कि अपने थाली की लड्डु हमेशा छोटी क्यों दिखाई देती है. दूसरों के सारे दुःख छोटे और सारी ख़ुशियाँ क्यों बड़ी नज़र आती है. एक ज़िद्दी बच्चे की तरह मन दूसरों की समृद्धि पर खुद से रूठा रहता है. गाड़ी, दूसरे की अच्छी. नौकरी, दूसरों की बेहतर. घर, दूसरों का सुंदर. जिंदगी, दूसरों की खूबसूरत और दुनियाँ के सारे लोग मुझ से आगे. इसके विपरीत संघर्ष, मेरा बड़ा. दुःख मेरा गहरा. भाग्य मेरा रूठा हुआ और इससे भी बढ़कर बीमारी मेरी बड़ी. इंसानी मनोविज्ञान पर आधारित एक प्रसिद्ध कहावत “The grass is always greener on the other side.” जिसका शाब्दिक अर्थ है दूर से घास ज्यादा हरी दिखाई देती है.

हम लगातार अपनी जिंदगी की तुलना दूसरों से करते हैं और अपने भीतर असंतोष पैदा कर लेते हैं. सोशल मीडिया ने इस समस्या को और बढ़ा दिया है. जीवन के सुंदरतम पहलू को विशेष रूप से दिखाने वाला सोशल मीडिया, संघर्ष को बड़ी चतुराई से छुपा लेता है. सफ़ल लोगों की मेहनत, असफलता और परेशानियों को छुपा कर इस मीडिया ने लोगों को और भी असंतोष से भर दिया है. हर अवसर पर अपनी कमतरी के अहसास ने सभी को बेचैन कर रखा है.

ईशावास्योपनिषद् का संदेश है— “मा गृधः कस्यस्विद्धनम्” यानी दूसरों की वस्तुओं या संपत्ति के प्रति लालच मत करो. इस सूत्र का अर्थ यह क़तई नहीं है कि हमें आगे बढ़ने की इच्छा नहीं रखनी चाहिए. ऊँचे लक्ष्य रखना और अपनी बेहतरी की कोशिश करना अच्छी बात है लेकिन किसी द की ख़ुशियाँ देखकर अपने जीवन को कमतर समझना उचित नहीं.

स्मरण रहे जिस व्यक्ति की जिंदगी बाहर से आनंदमय दिखाई देती है ऐसा भी मुमकिन है वह अपने भीतर किसी ऐसे संघर्ष से गुजर रहा हो जिसकी जानकारी किसी को न हो. हर व्यक्ति की परिस्थिति, यात्रा और मंज़िल अलग है इसलिए अपनी तुलना दूसरों से करने के बजाय अपने कल को बेहतर बनाने की सोचें.

“संतोषं परमं सुखम्.”

बहुत खूबसूरत है यह सूत्र मगर संतोष का अर्थ यह नहीं कि व्यक्ति मेहनत करना ही छोड़ दे. जो हमारे पास है वो पर्याप्त है मगर उसे बढ़ाने की ईमानदार कोशिश हमेशा करनी चाहिए. महत्त्वाकांक्षा हमें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करे और संतोष भीतर से शांत रखने का काम क़रें, बस जीवन का यही सुंदर संतुलन है. दूसरों के बगीचे की हरियाली देखकर परेशान होने की जगह अपने बगीचे की देखभाल कीजिए.

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H