”अप्प दीपो भव” अर्थात् “अपना दीपक स्वयं बनो”। जीवन में आने वाली किसी भी बाधा को दूर करने के लिए किसी बाहरी शक्ति की आवश्यकता नहीं है. भीतर छिपे सद्गुण ही हमारे विघ्नहर्ता बन सकते हैं. दूसरे के हृदय में विशेष स्थान बनाने वाला हमारा उत्तम व्यवहार हमें बहुत सी विपरीत परिस्थितियों से सहज ही बचा लेता है. दूसरों के प्रति हमारी दया भावना हमारे अपने मन के दुःख को कम कर देती है. सफलता और शांति के लिए संयम साधन, क्रोध में मौन साधन, कठिन परिस्थितियों में धैर्य साधन और सुख में अहंकार पर अंकुश ही सच्ची देव आराधना है. यही सूत्र हमारे जीवन के शुभकर्ता हैं. सही और गलत के बीच का अंतर समझाने वाला हमारा अर्जित ज्ञान ही हमारे भीतर का गजानन स्वरूप है.
गणेशोत्सव में भगवान गणेश की आराधना को केवल पूजा-पाठ तक सीमित न रखें. Kindness costs nothing यानी दया और सद्भाव दिखाने के लिए कोई कीमत नहीं देनी होती फिर भी जिनके व्यवहार में विनम्रता, विचारों में पवित्रता, कर्मों में ईमानदारी और हृदय में करुणा दिखाई दे समझिए उनकी आराधना सार्थक हुई है. भीतर छुपे सद्गुणों को जीवन में उतारना ही गणपति की सच्ची भक्ति है. इस युग में मन को ही मंदिर बना कर प्रार्थना की जा सकती है क्योंकि मन एव मनुष्याणां कारणं बन्धमोक्षयोः. इस बहुमूल्य श्लोक का अर्थ है मनुष्य के बंधन और मुक्ति दोनों का कारण उसका मन ही है.
वर्तमान समय के प्रतिकूल और बदलते परिवेश में मनुष्य चुनौतियों से घिरा हुआ है ऐसे में हमारे सद्गुण ही हमारे लिए मजबूत सहारा बन सकते हैं. Righteousness in character brings peace to the heart, mastery to the mind and wisdom to the soul.” इसका अर्थ है चरित्र की श्रेष्ठता मन को शांति, बुद्धि को संयम और आत्मा को ज्ञान प्रदान करती है. Character is destiny का मतलब है व्यक्ति का चरित्र ही उसके भविष्य की दिशा तय करने का काम करता है मगर अपने भीतर गहराई में छिपे सदगुण को फिर से हृदय के उजागर तल पर लाना आसान कार्य नही है.अपने अंतरतम को इतना निखारना चाहिए कि वह हमारे जीवन के लिए सुंदरतम हो और दूसरों के लिए मंगलकारी. अगर आप ऐसा कर पाने में सफ़ल होते हैं तो इसे भगवान गणेश का वास्तविक आशीष समझें.

संदीप अखिल
सलाहकार संपादक
न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



