मनुष्य जैसा सोचता है उसकी संगति स्वतः ही उसके अनुरूप होने लगती है. “Birds of a feather flock together” इस Figure of speech का आशय है समान स्वभाव वाले लोग एक-दूसरे की ओर आकर्षित होते हैं और यही जीवन का गहरा सत्य है. जैसे एक झुंड में एक ही प्रजाति के पक्षी उड़ते हैं वैसे ही समान विचार, रुचि, संस्कार और आदतों वाले लोग भी स्वाभाविक रूप से एक-दूसरे के करीब रहते हैं, साथ चलते हैं. जिनकी सोच मिलती है उनके ही हृदय भी मिलते हैं क्योंकि ऐसा भी देखा गया है कि विचारधारा के बदलते ही बरसों के साथी अपनी राह भी अलग कर लेते हैं.

इस तथ्य को सभी भली भाँति जानते हैं कि अच्छी संगति व्यक्तित्व को ऊँचाई देती है, सज्जनों का संग-साथ विनम्रता, विवेक, अनुशासन और अच्छे संस्कार देता है और बुरी संगति धीरे-धीरे व्यक्ति की सोच और चरित्र को रसातल में ले जाती है फिर भी व्यक्ति अपनी प्रकृति के अनुरूप ही संगति का चुनाव करता है. इसलिए कहा जाता है किसी व्यक्ति को समझने के लिए उसके शब्दों से अधिक उसकी संगति को देखना चाहिए. इसी बात पर अँग्रेज़ी में एक प्रसिद्ध phrase है “A man is known by the company he keeps.” यानी व्यक्ति की पहचान उसकी संगति से होती है. कहा जाता है जिनके साथ उड़ेंगे, वैसा ही आकाश चुनेंगे. अँग्रेज़ी Expression “Show me your friends, and I’ll show you who you are.” के अनुसार आपके मित्र और आपकी संगति ही आपके चरित्र का परिचायक होते हैं.

यह Idiom भी यथार्थ के समीप है कि “Great minds think alike” अर्थात् प्रतिभाशाली और दूरदर्शी लोगों की सोच अक्सर एक जैसी होती है. इस समीकरण का एक धनात्मक पक्ष यह है कि जब बुद्धि, विवेक और सकारात्मक दृष्टि से किसी समस्या पर विचार किया जाता है तो अलग-अलग प्रवृत्ति के व्यक्ति भी समान समाधान तक पहुँच सकते हैं.

संगति और सोच से ही होती है व्यक्तित्व की असली पहचान जीवन में संगति का चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है. कहा जाता है जैसी संगति, वैसी ही जिंदगी, हम जिनके साथ बैठते हैं, जिनकी बातें सुनते हैं और जिनके विचारों को स्वीकार करते हैं, कहीं न कहीं वैसा ही बनते जाते हैं. रामचरित मानस की चौपाई सठ सुधरहिं सतसंगति पाई पारस परस कुधातु सुहाई॥ का भी यही कहना है कि सत्संगति के प्रभाव से बुरा व्यक्ति भी सुधर सकता है. आपके मित्र आपके व्यक्तित्व की झलक देने का काम करते हैं अच्छी संगति अच्छा व्यक्तित्व गढ़ती है और श्रेष्ठ विचार सफलता के साथ सार्थक जीवन देता है.

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H