Rajasthan News: राजस्थान में JEN Paper Leak मामले की जांच में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी ने कनिष्ठ अभियंता संयुक्त भर्ती परीक्षा (JEN-2020) पेपर लीक मामले में आरोपी अतुल मीणा को गिरफ्तार किया है। अतुल मीणा वर्तमान में कोटा में जल संसाधन विभाग में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत है। जांच में सामने आया है कि उसने 25 लाख रुपये देकर प्रश्न-पत्र हासिल किया था।

करीब 7 महीने पहले दर्ज इस मामले में एसओजी लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
दोबारा परीक्षा से पहले ही लीक हो गया था पेपर
एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि JEN-2020 भर्ती परीक्षा से जुड़ा मामला सांगानेर थाने में दर्ज है। परीक्षा में अनियमितताओं के कारण इसे पहले निरस्त किया गया था। इसके बाद 12 सितंबर 2021 को दोबारा परीक्षा आयोजित हुई। हालांकि जांच में सामने आया कि दोबारा आयोजित परीक्षा का प्रश्न-पत्र भी परीक्षा से पहले कई अभ्यर्थियों तक पहुंच चुका था। इसी मामले में एसओजी ने 19 जनवरी 2026 को प्रकरण संख्या 03/2026 दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की।
रिश्तेदार के जरिए हुआ था 25 लाख का सौदा
जांच के दौरान पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी हर्षवर्धन कुमार मीणा उर्फ पटवारी से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए। उसने स्वीकार किया कि उसने अतुल मीणा सहित कई अभ्यर्थियों को सॉल्व प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराया था। एसओजी के अनुसार, हर्षवर्धन ने अतुल मीणा से 25 लाख रुपये लिए थे। यह सौदा हर्षवर्धन के एक रिश्तेदार के माध्यम से हुआ था। इसी आधार पर एसओजी ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद अतुल मीणा को गिरफ्तार किया।
अन्य परीक्षाओं में नहीं मिली सफलता
जांच में यह भी सामने आया कि अतुल मीणा ने JEN भर्ती परीक्षा के अलावा करीब एक दर्जन अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं दी थीं। हालांकि उसे किसी अन्य परीक्षा में सफलता नहीं मिली। एसओजी अब उससे पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि पेपर लीक नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही अन्य अभ्यर्थियों और प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराने वाले लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा
राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं से जुड़े पेपर लीक मामलों पर एसओजी लगातार कार्रवाई कर रही है। JEN Paper Leak मामले में अब तक कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें ये खबरें
- राशन कार्डधारियों को सितंबर-अक्टूबर का एक साथ मिलेगा चावल, जानें कब तक कर सकेंगे उठाव
- हाईकोर्ट ने जिला शिक्षा अधिकारी की नियुक्ति पर लगी रोक हटाई, याचिकाकर्ताओं ने वापस लिया केस, जानिए क्या है मामला
- सागर की जहरीली शराब त्रासदी के बाद महिलाओं का गुस्सा फूटा! शिवपुरी में शराब दुकान पर बोला धावा, बोतलें बाहर फेंककर लगाई आग
- अपराधियों को सजा में देरी नहीं! मुख्य सचिव ने अफसरों को दिया समयबद्ध कार्रवाई का अल्टीमेटम
- भ्रष्टाचार के हदें पार: ताश के पत्तों की तरह ढहा पुल, टला बड़ा हादसा


