सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को देवरिया में जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने रोजगार, कानून-व्यवस्था और ओम प्रकाश राजभर को लेकर भी तंज कसा तथा 2027 में सपा की सरकार बनने का दावा किया.

देवरिया. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को देवरिया जिले के लार क्षेत्र स्थित रक्सा गांव में जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलने के प्रस्ताव पर बीजेपी सरकार को घेरा. पूर्व विधायक स्वर्गीय सुरेश यादव की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने पहुंचे अखिलेश ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनेगी.

एयरपोर्ट के नाम पर तंज

श्रद्धांजलि सभा के बाद पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने योगी कैबिनेट के उस प्रस्ताव पर निशाना साधा, जिसमें जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ रखने की बात कही गई है.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नाम पर एयरपोर्ट का नाम रखने का फैसला इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि उनकी कुर्सी जाने वाली है. अखिलेश के मुताबिक, जिन लोगों को पद छोड़ना होता है, वे जाते-जाते अपनी निशानी छोड़ना चाहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार के पास जनता को दिखाने के लिए अपना काम नहीं है और वह दूसरों के कामों पर अपने नाम की पट्टी लगा रही है.

बेरोजगारी पर सरकार को घेरा

प्रदेश में रोजगार के मुद्दे पर अखिलेश ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार ने बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन प्रदेश का युवा आज भी बेरोजगारी का सामना कर रहा है.

इस दौरान उन्होंने मीडिया से व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, ‘वनस्पति बदनाम हुई बाबा तेरे लिए.’ इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से खुद पता लगाने को कहा कि उनका इशारा किसकी ओर था. उनकी इस टिप्पणी पर वहां मौजूद लोग हंस पड़े.

ओम प्रकाश राजभर पर भी टिप्पणी

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, ‘O.P. रात भर जागते हैं और पहरा देते हैं, फिर भी न जाने सरकार को किस बात का डर सता रहा है.’ उनके इस बयान पर कार्यकर्ताओं के बीच ठहाके लगे.

अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त बताया. उन्होंने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर गठबंधन के सहयोगियों के बीच कोई मतभेद नहीं है.

सभा में उन्होंने पूर्व विधायक सुरेश यादव को श्रद्धांजलि दी और उनके शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की.