अजयारविंद नामदेव, शहडोल। बेटी की शादी के लिए मां ने पाई-पाई जोड़कर जेवर और नकदी संभालकर रखी थी, लेकिन उसे क्या पता था कि जिस घर के आसपास कोई पड़ोसी बनकर रह रहा है, वही उसकी मेहनत की जमा पूंजी पर नजर गड़ाए बैठा है। महिला घर में ताला लगाकर काम पर गई और पीछे से चोर दिनदहाड़े घर में दाखिल हुआ, शादी के जेवर और नकदी समेटकर फरार हो गया,खास बात ये कि चोरी के पैसों से आरोपी दोस्तों को पार्टी दे रहा था, लेकिन बुढ़ार पुलिस ने उसकी पार्टी पर ऐसा ब्रेक लगाया कि चोरी का राज खुल गया और आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया। 

READ MORE: नगर पालिका कार्यालय के सामने शराबियों का तांडवः राहगीरों को बेल्ट और लात-घूंसों से पीटा, वीडियो वायरल

जिले की बुढ़ार पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जो  दूसरे जिले से बुढ़ार आकर किराए के मकान में रह रहा था और उसने पड़ोस में रहने वाली एक विधवा महिला के घर को निशाना बनाया। महिला अपनी बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर जेवर और नकदी जुटा रही थी, लेकिन आरोपी दिनदहाड़े घर में घुसकर शादी के लिए रखे जेवरात, नगदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गया था , और अपने दोस्तों को चोरी के पैसों से पार्टी दे रहा ताज़ बुढार पुलिस ने उसे धर दबोचा। 

मामला बुढ़ार थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-5, एसबीआई बैंक के पीछे का बताया जा रहा है। यहां रहने वाली सुमन सोनकर काम के सिलसिले में घर में ताला लगाकर बाहर गई थीं. इसी दौरान मौका पाकर अनूपपुर जिले के करन पठार निवासी नील सिंह, जो महिला के घर के आसपास किराए के मकान में रहता था, कथित तौर पर उनके घर में दाखिल हुआ और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। 

READ MORE: सतना में उफान पर नदियां: तुर्री नदी में उतारी बाइक, तेज बहाव में बहा चाचा, भतीजे को ग्रामीणों ने बचाया

काम से लौटकर जब महिला ने घर का दरवाजा खोला तो सामान बिखरा देखकर उसके होश उड़ गए। जांच करने पर बेटी की शादी के लिए रखे जेवरात, नकदी और अन्य सामान गायब मिला। महिला ने तत्काल बुढ़ार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की, आसपास के लोगों और उपलब्ध सुरागों के आधार पर पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो शक महिला के घर के आसपास किराए से रहने वाले नील सिंह पर गया, पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी चोरी के पैसों से अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा है।

इसके बाद बुढ़ार पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी नील सिंह को पकड़ लिया,पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का लगभग पूरा सामान बरामद करने का दावा किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के खुलासे के बाद पुलिस की कार्रवाई से पीड़ित महिला को उसकी बेटी की शादी के लिए जुटाए गए सामान की बरामदगी की उम्मीद जगी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m