अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। उफनती नदियों के बीच लापरवाही के कारण बड़ा हादसा सामने आया है। जैतवारा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम उफनती तुर्री नदी का पुल पार करने की कोशिश में बाइक सवार चाचा-भतीजे तेज बहाव में बह गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए भतीजे को तो बचा लिया लेकिन 50 वर्षीय रामचेरे वर्मा पानी के तेज बहाव में लापता हो गए।

ये भी पढ़ें: एंबुलेंस का इंतजार… तड़पता रहा घायल युवक! बाइक से अस्पताल लेकर पहुंचे लोग, खंडवा में खुली स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल

लोगों के मना करने पर भी नहीं माने, उफनते पुल पर उतारी बाइक

जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम करीब 6 बजे रामचेरे वर्मा अपने भतीजे के साथ मोटरसाइकिल से नयागांव-सभापुर की ओर जा रहे थे। इस दौरान तुर्री नदी का पानी पुल के काफी ऊपर से बह रहा था। पुल के पास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों ने उन्हें उफनती नदी पार करने से मना किया लेकिन वे नहीं माने और नदी पार करने की कोशिश करने लगे। जैसे ही वे आगे बढ़े उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों बहने लगे। ग्रामीणों ने दोनों को बहता देख तुरंत मदद करने की कोशिश की, जिसमें भतीजे को सुरक्षित बाहर खींच लिया गया जबकि रामचेरे वर्मा तेज बहाव में बह गये।

ये भी पढ़ें: टीकमगढ़ में 2 महीने की सैलरी मांगना पड़ा महंगा! होटल संचालक ने पूर्व कर्मचारी पर ही दर्ज करा दिया हरिजन एक्ट

अंधेरे के कारण रात में रुका रेस्क्यू, सुबह SDRF ने बोट से शुरू की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही जैतवारा थाना प्रभारी पंकज शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। खराब मौसम और शनिवार रात अत्यधिक अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका था। रविवार सुबह SDRF की टीम ने बोट और गोताखोरों के जरिए नदी में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। मौके पर एसडीएम लोकेश कुमार जांगड़े, पुलिस प्रशासन की टीम, परिजन और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद हैं। नदी का जलस्तर और बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम पूरी सावधानी के साथ लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m