Jhhabar Singh Kharra: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीकर में नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने ध्वजारोहण किया। समारोह के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर, विकसित, सशक्त और सामाजिक समरसता वाला राष्ट्र बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए हर नागरिक को अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना होगा।

2047 तक विकसित भारत बनाने में हर नागरिक की भूमिका

मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि देश की आजादी के करीब 80 साल पूरे होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई ऐसे देश हैं, जो विश्व युद्धों में बर्बाद हुए थे, लेकिन आज विकास के क्षेत्र में काफी आगे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में प्रत्येक नागरिक को विचार करना चाहिए कि आजादी के इतने वर्षों बाद भारत को जिस मुकाम पर होना चाहिए था, वहां पहुंचने में क्या कारण रहे। साथ ही उन कारणों को दूर करने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। खर्रा ने कहा कि देश को आत्मनिर्भर, विकसित और सशक्त बनाने के लिए केवल सरकार के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए समाज के हर वर्ग और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

OBC आरक्षण को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

OBC आरक्षण को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर मंत्री खर्रा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को पहले अपने कार्यकाल पर ध्यान देना चाहिए। खर्रा के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने पिछड़ा वर्ग को राजनीतिक आरक्षण देने के लिए एक फार्मूला तय किया था। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार दो साल से अधिक समय तक रही, लेकिन इस दिशा में कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को फाइलों में दबाए रखा। भाजपा सरकार बनने के बाद राजनीतिक पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया गया और पिछड़ा वर्ग की जनसंख्या के सटीक आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

आंकड़ों में सामने आई विसंगतियों को दूर करने का दावा

मंत्री ने बताया कि स्थानीय प्रशासन की ओर से जुटाए गए पिछड़ा वर्ग की जनसंख्या के आंकड़ों की पिछड़ा वर्ग आयोग ने मौके पर जाकर जांच की। जांच के दौरान कुछ विसंगतियां सामने आईं। इसके बाद स्थानीय प्रशासन को दोबारा आंकड़े जुटाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इसी दौरान देशभर में जनगणना का काम भी शुरू हो गया। इससे स्थानीय प्रशासन का एक हिस्सा जनगणना के काम में और दूसरा हिस्सा पिछड़ा वर्ग आयोग के निर्देशों के तहत आंकड़े जुटाने में लगा रहा।

खर्रा ने कहा कि राजनीतिक पिछड़ा वर्ग आयोग ने अपनी रिपोर्ट सौंपते समय रिपोर्ट में कुछ कमी-खामी की संभावना को स्वीकार किया था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी चुनावों में इन कमियों को दूर किया जाएगा और ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी।

17 अगस्त को निकलेगी आरक्षण लॉटरी

पंचायती राज और स्थानीय निकायों की आरक्षण लॉटरी को लेकर भी मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त को स्थानीय निकायों के पार्षदों की लॉटरी सुबह और पंचायती राज संस्थाओं की लॉटरी शाम को निकाली जानी है। खर्रा ने जिला निर्वाचन अधिकारी से चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को लॉटरी प्रक्रिया की पूरी जानकारी देने का आग्रह किया है। उन्होंने प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

पढ़ें ये खबरें