झज्जर के महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम में सरकारी अधिकारियों के लिए तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। डीसी वर्षा खांगवाल ने सभी को योग को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

संजीत कबलाना, झज्जर। स्थानीय महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम परिसर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए तीन दिवसीय योगाभ्यास प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन डीसी वर्षा खांगवाल ने किया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों और योग प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डीसी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रहे “योग युक्त हरियाणा-नशा मुक्त हरियाणा” अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं और आमजन को स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना और उन्हें नशे की लत से दूर रखना है।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष पहल

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित की गई है। इसी को देखते हुए डीसी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को योग गतिविधियों से जोड़ने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि बढ़ती उम्र में भी वे शारीरिक और मानसिक रूप से सक्रिय रह सकें। डीसी ने स्वयं अधिकारियों के साथ योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। उन्होंने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव प्रबंधन के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है, जिससे कार्यक्षमता बढ़ती है और व्यक्ति सकारात्मक रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से योग को दैनिक दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यालयों में वाई-ब्रेक की शुरुआत

कार्यस्थल पर तनावमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए डीसी वर्षा खांगवाल ने सरकार की “वाई-ब्रेक” पहल पर जोर दिया। इसके तहत कर्मचारियों को उनकी सीट पर ही पांच मिनट का योगाभ्यास कराया जाता है, जिससे उनकी कार्यक्षमता और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार आता है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में एसडीएम झज्जर रवि मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और योग प्रशिक्षक उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न आसनों और ध्यान की विधियों का प्रशिक्षण दिया।