रांची। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। नई सूची में गजेंद्र सिंह पटेल को झारखंड भाजपा का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। वहीं सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा की ओर से जारी सूची के मुताबिक सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
कौन हैं गजेंद्र सिंह पटेल?
मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले से आने वाले गजेंद्र सिंह पटेल लंबे समय से भाजपा के संगठनात्मक और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। वे पेशे से कृषि से जुड़े हैं और उन्होंने बीए तथा एलएलबी की पढ़ाई की है। पटेल का राजनीतिक सफर छात्र संगठन और पार्टी के विभिन्न मोर्चों में काम करने से आगे बढ़ा।
संघ की शाखा से शुरू हुआ संगठनात्मक सफर
गजेंद्र पटेल बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा से जुड़े रहे। वर्ष 1990 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की। इसके बाद युवा मोर्चा, वनवासी कल्याण परिषद और भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा में भी जिम्मेदारियां संभालीं।
संगठन में काम करने के दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई। वर्ष 2021-22 के दौरान वे भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री भी रहे।
खरगोन से लगातार दूसरी बार सांसद
गजेंद्र सिंह पटेल ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की खरगोन लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार संसद में प्रवेश किया। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने इसी सीट से दोबारा जीत दर्ज की और 18वीं लोकसभा के सदस्य बने।
संसद में उन्होंने अपने क्षेत्र से जुड़े कई मुद्दे उठाए हैं। इनमें रेल कनेक्टिविटी, मोबाइल नेटवर्क, किसानों से जुड़े विषय, आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं, सिकल सेल एनीमिया, टीबी नियंत्रण, शिक्षा, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
अगस्त 2026 में राष्ट्रीय महामंत्री बने
भाजपा ने 17 अगस्त 2026 को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था, जिसमें गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया। इसके बाद अब उन्हें झारखंड जैसे महत्वपूर्ण राज्य का संगठनात्मक प्रभारी बनाया गया है।
झारखंड में नई टीम के साथ संभालेंगे संगठन
भाजपा की नई नियुक्ति के मुताबिक गजेंद्र पटेल झारखंड में प्रदेश संगठन और केंद्रीय नेतृत्व के बीच समन्वय की भूमिका निभाएंगे। उनके साथ सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह सह-प्रभारी के तौर पर काम करेंगे। नई जिम्मेदारी के तहत संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और पार्टी के सांगठनिक कार्यक्रमों में उनकी भूमिका रहेगी।



