रांची। झारखंड मंत्रिपरिषद की बुधवार, 7 अक्टूबर को होने वाली महत्वपूर्ण बैठक स्थगित कर दी गई है। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) की ओर से जारी सूचना के मुताबिक बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित की गई है। फिलहाल बैठक की नई तारीख को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट की बैठक प्रस्तावित थी। इसमें तीन दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर विचार किया जाना था। सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में एमएमडीआर एक्ट पर चर्चा के लिए विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाने का प्रस्ताव शामिल था। इसके अलावा जेपीएससी के अध्यक्ष और सदस्यों के मनोनयन को लेकर भी चर्चा संभावित थी।
कैबिनेट बैठक स्थगित होने के बाद इन प्रस्तावों पर फैसला अब नई बैठक की तारीख तय होने के बाद ही हो सकेगा। विभाग की ओर से फिलहाल बैठक स्थगित करने के कारण के तौर पर सिर्फ ‘अपरिहार्य कारण’ का उल्लेख किया गया है।

