आदित्यपुर (सरायकेला)। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह खरकाई नदी घाट पर शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नदी में एक युवक का शव तैरता मिला। शव दिखाई देने के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना

सुबह नदी घाट पर शव दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने वार्ड 13 के पार्षद शांतनु कुमार को इसकी जानकारी दी। पार्षद ने तत्काल आदित्यपुर थाना पुलिस को सूचना दी।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

धनबाद का रहने वाला था युवक

मृतक की पहचान धनबाद निवासी सुमित कुमार मंडल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सुमित आदित्यपुर-2 के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित रोड नंबर 24 में एक दोस्त के साथ किराए के मकान में रह रहा था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

बताया जा रहा है कि सुमित गुरुवार से अचानक लापता था। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उसके दोस्त ने आरआईटी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

शव मिलने की खबर से परिजनों में मातम

शुक्रवार सुबह नदी में सुमित का शव मिलने की जानकारी जैसे ही उसके परिजनों और दोस्तों को मिली, घर में मातम छा गया। अचानक हुई मौत से उसके परिचित भी स्तब्ध हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आदित्यपुर पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।